Haryana News: हरियाणा में शहीद सैनिकों के आश्रितों मिलेंगे 1 करोड़ रुपए

0
103
Haryana News: हरियाणा में शहीद सैनिकों के आश्रितों मिलेंगे 1 करोड़ रुपए
Haryana News: हरियाणा में शहीद सैनिकों के आश्रितों मिलेंगे 1 करोड़ रुपए

नायब सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली राशि की दोगुनी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली राशि को बढ़ाकर दोगुना कर दिया है। अब शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। पहले शहीद सैनिकों के आश्रितों हरियाणा सरकार द्वारा 50 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती थी। यह राशि हरियाणा मूल के सभी जवानों के परिजनों को यह राशि दी जाएगी, चाहे वे देश में कहीं पर भी रह रहे हों। पाकिस्तान के खिलाफ भारत द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन सिंदूर को देखते हुए सरकार ने इस राशि में बढ़ोतरी की है।

पिछले साल 23 फरवरी या इसके बाद हताहत होने वाले जवानों को अनुग्रह अनुदान की संशोधित राशि दी जाएगी। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना, दिल का दौरा, हवाई दुर्घटना, समुद्र में दुर्घटना, आंतरिक सुरक्षा संचालन के दौरान मृत्यु, चुनाव कर्तव्यों, प्राकृतिक आपदाओं और बचाव कार्यों के दौरान हताहत होने पर भी अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेन्द्र कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

पत्नी द्वारा दूसरी शादी करने पर मिलेगा 35% हिस्सा

सैनिक के शहीद होने के बाद बलिदानी की पत्नी अगर दोबारा शादी कर लेती है तो भी उसे उसका 35% हिस्सा दिया जाएगा। यदि बलिदानी के कोई संतान नहीं है, तो 50 प्रतिशत विधवा और 50 प्रतिशत हिस्सा माता-पिता को मिलेगा।

माता और पिता जीवित नहीं हैं तो 50 प्रतिशत राशि विधवा और 50 प्रतिशत बच्चों को मिलेगी। अविवाहित बलिदानी के माता-पिता जीवित नहीं हैं तो अनुग्रह अनुदान का भुगतान उसके भाई-बहनों को किया जाएगा। कोई अन्य पारिवारिक सदस्य या रिश्तेदार अनुग्रह अनुदान के लिए पात्र नहीं होगा।

इनको मिलेगा लाभ

सेना, नौसेना, वायु सेना, भारतीय तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स, असम राइफल्स, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और रैपिड एक्शन फोर्स बलिदानी अग्निवीरों के आश्रित सरकार की इस एक करोड़ रुपए की लाभ योजना के दायरे में
आएंगे।

बलिदानी अग्निवीरों के आश्रितों को भी मिलेंगे 1 करोड़

अग्निवीर योजना के तहत लगे बलिदानी अग्निवीरों के आश्रितों को भी बलिदानी सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तर्ज पर प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देगी। पांच मई को मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय ले चुकी सरकार जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी करेगी। भारतीय सेनाओं में वर्तमान में हरियाणा से 6153 अग्निवीर हैं।

दिव्यांग होने पर भी मिलेगा लाभ

युद्ध, आतंकवादी हमले, सीमा पर झड़प और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में सेवा करते समय बलिदान के साथ ही दिव्यांग होने पर भी राशि का लाभ दिया जाएगा। 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता पर 35 लाख रुपए, 50 से 69 प्रतिशत दिव्यांगता पर 25 लाख रुपए और 20 से 49 प्रतिशत दिव्यांगता पर 15 लाख रुपए दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश की संभावना

यह भी पढ़ें: IPL 2025 के लिए बड़ा त्याग! इन 5 स्टार खिलाड़ियों ने देश छोड़ चुना पैसा