Rahul Gandhi target Modi Government : भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला : राहुल गांधी

0
66
Rahul Gandhi target Modi Government : भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला : राहुल गांधी
Rahul Gandhi target Modi Government : भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला : राहुल गांधी

कहा, यदि यही सब चलता रहा तो देश में दरारें गहरी होती जाएंगी

Rahul Gandhi target Modi Government (आज समाज), नई दिल्ली : भारत एक संवाद है, जहां अलग-अलग धर्म, विचार और परंपराएं साथ रहती हैं। लोकतंत्र इन सभी को जगह देता है। आज इसी व्यवस्था पर सबसे बड़ा हमला हो रहा है। यह बात विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दक्षिणी अमेरिकी राज्य कोलंबिया की ईआईए यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग छात्रों को संबोधित करते हुए कही।

इस दौरान उन्होंने चेताया कि अगर अलग-अलग भाषाओं, धर्मों और परंपराओं को दबाया गया तो देश में दरारें गहरी होंगी। उन्होंने कहा कि आज भारत के सामने सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हो रहे हमले का है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को लोकतंत्र की जरूरत है, लेकिन वर्तमान समय में यह व्यवस्था सभी तरफ से दबाव और हमले झेल रही है।

भारत और चीन की आपस में तुलना करना ठीक नहीं

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत की तुलना चीन से करना सही नहीं है। चीन एक केंद्रीकृत और एकरूप प्रणाली पर चलता है। भारत विकेंद्रीकृत है, यहां कई भाषाएं, धर्म और परंपराएं हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत का सिस्टम बहुत जटिल है। हमारी ताकत इसी विविधता में है। हम चीन की तरह लोगों को दबाकर तानाशाही नहीं चला सकते। भारत का ढांचा लोकतांत्रिक है और इसे वही तरीका चाहिए, जिसमें सबको जगह और सम्मान मिले।’

अमेरिका और चीन में टकराव, भारत इसके बीच में खड़ा

कांग्रेस नेता ने इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि सुपरपावर बनने का सफर ऊर्जा परिवर्तन से जुड़ा होता है। ब्रिटेन ने कोयला और स्टीम इंजन पर कब्जा किया और साम्राज्य बनाया। अमेरिका ने कोयले से पेट्रोल और इंटरनल कम्बशन इंजन की ओर बदलाव का नेतृत्व किया। अब दुनिया पेट्रोल से बैटरी और इलेक्ट्रिक मोटर की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज असली मुकाबला अमेरिका और चीन के बीच इसी ट्रांजिशन को लेकर है और अभी तक चीन बढ़त बनाए हुए है। भारत इस टकराव के बीचों-बीच खड़ा है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी समस्या रोजगार सृजन है। उन्होंने कहा, ‘हमारी अर्थव्यवस्था सेवा-आधारित है, इस कारण हम पर्याप्त उत्पादन और नौकरियां नहीं दे पा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : Today Breaking News : पाकिस्तान की हर हिमाकत का देंगे मुंहतोड़ जवाब : रक्षा मंत्री