Delhi Congress News : अपराध का ठिकाना बनती जा रही दिल्ली : देवेन्द्र यादव

0
60
Delhi Congress News : अपराध का ठिकाना बनती जा रही दिल्ली : देवेन्द्र यादव
Delhi Congress News : अपराध का ठिकाना बनती जा रही दिल्ली : देवेन्द्र यादव

दिन प्रतिदिन बदहाल होती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए प्रश्न चिन्ह

Delhi Congress News (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में हर रोज बढ़ते अपराध के ग्राफ से दिल्ली वासी दहशत में हैं। हर रोज चोरी, डकैती, लूट, हत्या की वारदात सामने आ रही है। इसी को लेकर विपक्षी पार्टियां दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठा रहीं हैं। इसी बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि राजधानी दिल्ली में अपराधों को रोकने में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

यह चिंताजनक है कि दिल्ली में हो रहे अपराधों में जहां हत्या, डकैती, गोलीबारी, गैंगवार, अपहरण, झपटमारी, बलात्कार, और छेड़छाड के मामलां में पहली तिमाही में अत्यधिक वृद्धि हुई है वहीं दिल्ली को नशे का अड्डा बनाने में ड्रग माफिया चैतरफा अपने पैर पसार रहा है।

सरकार की तिमाही रिपोर्ट में हुआ सच का खुलासा

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली की कानून व्यवस्था बेहतर रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 28 फरवरी को बैठक की थी, परंतु दिल्ली पुलिस की 2025 की पहली तिमाही रिपोर्ट में खुलासा हो गया है कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की बैठक सिर्फ औपचारिकतों के लिए हुई थी। देवेन्द्र यादव ने कहा कि यह दिल्लीवासियों का दुर्भाग्य है कि पिछले 12 सालों से दिल्ली में ऐसे लोग सत्तासीन है जो लोगों की सुरक्षा और दिल्ली की कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने में गंभीर नही है।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ो के अनुसार जनवरी से मार्च, 2025 तक 107 हत्या और 168 लोगों की जान लेने के प्रयास, 315 डकैती के मामले, झपटमारी के 1199 मामले, महिलाओं से छेड़छाड़ 379 मामले और 370 बलात्कार जैसे जघन्य अपराध हुए है। उन्होंने कहा कि यह अति संवेदनशील है कि पहली तिमाही में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार की प्रतिदिन 4-5 घटनाएं हो रही है। प्रतिदिन 3 से अधिक डकैती और एक से अधिक हत्या के मामले दर्ज हुए हैं।

हजारों करोड़ रुपए खर्च करके भी नहीं बदली तस्वीर

यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दिल्ली पुलिस पर प्रति वर्ष 11-12 हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद दिल्ली अपराधिक राजधानी बनी हुई है। महिला अपराध जहां राष्ट्रीय स्तर पर 66.4 प्रतिशत है वहीं राजधानी दिल्ली 134 प्रतिशत के साथ पहले नम्बर पर है। यही नही वृद्धों और बच्चों के साथ अपराधों के मामलों में भी दिल्ली पहले नम्बर पर है। देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली में हर दिन करोड़ो की ड्रग्स पुलिस द्वारा पकड़ी जा रही है परंतु फिर भी दिल्ली में सरे आम ड्रगस बिक रही है।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली के नामी प्राइवेट स्कूल ने छात्रों से की शर्मनाक हरकत