Bihar Breaking, पटना: बिहार के दरभंगा ज़िले में बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बाइक के एक शो रूम में घुसकर हमलावरों ने 38 साल के मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। लोहे की रॉड से उन्होंने कर्मी पर हमला किया फिर चाकू घोंप दिया। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
हत्यारे की पहचान हुई : एसडीपीओ
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारदात शुक्रवार शाम की है। मृतक की पहचान मोहम्मद फ़ैज़ (Mohammad Faiz) के तौर पर हुई है।दरभंगा सदर के एसडीपीओ के अनुसार हत्यारे की पहचान हो चुकी है। वह फरार है और तलाशी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है। आरोपी डीलरशिप का ही एक पूर्व कर्मचारी है और कथित तौर पर पीड़ित को जानता था।
अपने कंप्यूटर पर बैठे थे मोहम्मद फ़ैज़
मोहम्मद फ़ैज़ चंदन पट्टी चौक स्थित एक बाइक शोरूम में मैनेजर के तौर पर काम कर रहे थे, तभी शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उन पर हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, हमलावर शोरूम में तब घुसे जब फ़ैज़ अपने कंप्यूटर पर बैठे थे और उन्होंने लोहे की रॉड से उन पर हमला किया। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर आरोपी को पीड़ित पर बार-बार हमला करते हुए देखा गया। पीड़ित बिना किसी विरोध के अपनी कुर्सी पर ही गिर पड़े।
हमलावर कथित तौर पर कुछ देर बाद वापस लौटा, शोरूम के अंदर से कैंची उठाई और फ़ैज़ की गर्दन पर कई बार चाकू घोंपा, जिसके बाद वह बाहर खड़ी स्कूटर पर बैठकर भाग गया। बाद में आए अन्य कर्मचारियों ने फ़ैज़ को देखा और पुलिस को सूचना दी। अधिकारियों ने बताया कि फ़ैज़ को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा आरोपी : डीएसपी
सदर के डीएसपी (DSP) राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी पहले उसी डीलरशिप में काम करता था और पीड़ित उसे जानता था। उन्होंने कहा, शुरुआती जांच से पता चलता है कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश थी। आरोपी पहले उस एजेंसी में काम करता था और मृतक के साथ उसका झगड़ा हुआ था। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्यवाहक एसएसपी अशोक कुमार (SSP Ashok Kumar) ने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, हमें अपराध के बारे में जानकारी मिली है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। गहन जांच चल रही है और इसमें शामिल लोगों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : IMA Dehradun: पहली बार नौ महिला सैन्य अधिकारी बनीं इंडियन आर्मी का हिस्सा


