कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के गेट नंबर 1 पर निकाला मार्च
Monsoon Session Haryana Assembly, (आज समाज), चंडीगढ़: कांग्रेस विधायकों ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में भारतीय चुनाव आयोग के खिलाफ वोट चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में विधानसभा के गेट नंबर 1 पर पर मार्च निकाला।
विधायकों ने विधानसभा परिसर में अंदर जाने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में वोट चोरी कर कांग्रेस की सरकार चुराई गई। इसके बाद हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की दूसरे दिन की कार्रवाई शुरू हुई । कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हो गई है। इसके बाद शून्यकाल होगा।
कांग्रेस संसदीय मर्यादा भूल चुकी महिपाल
संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने सेशन से पहले कहा कि कांग्रेस संसदीय मर्यादा भूल चुकी है। चुनाव आयोग ने नियम के तहत वोटर लिस्ट अपडेट की है। घुसपैठियों के वोट काटे गए हैं। विपक्ष घुसपैठियों के वोट से सरकार बनाना चाहता है। कांग्रेस की मंशा देश को बर्बाद करने की है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या घुसपैठियों के वोट बनाना जरूरी है? कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में भी तमाशा किया। अपराध को 24 घंटे में ट्रेस किया जा रहा है। पहले तो एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी।
गुरुग्राम कैनाल का प्रदूषण जल्द किया जाएगा साफ
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने सदन में गुरुग्राम कैनाल में प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उनके सवाल का कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने जवाब दिया। संतुष्ट नहीं होने पर कांग्रेस विधायक को सीएम नायब सैनी ने आश्वासन दिया कि कैनाल का प्रदूषण जल्द साफ किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के अंदर 16 हजार टन कचरा साफ हो चुका है। प्रधानमंत्री खुद इसको लेकर संकल्प ले चुके हैं। सरकार 11 और जगह यमुना में एसटीपी लगाने जा रही है।
दिल्ली सरकार हरियाणा के साथ मिलकर कर रही यमुना की सफाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कहा कि अब दिल्ली सरकार हरियाणा के साथ मिलकर यमुना नदी की सफाई कर रही है। इस पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय जल मंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ उनकी बैठक हुई थी। सैनी ने कहा कि मां यमुना की सफाई के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पिछले चार महीने में 16,000 मीट्रिक टन कचरा साफ किया गया है।
ये भी पढ़ें : भारत अपने किसानों और छोटे उत्पादकों के हितों से समझौता नहीं करेगा : एस. जयशंकर