Punjab Weather Update : पंजाब में नहीं बरसे बादल, गर्मी ने छुड़ाए पसीने

0
114
Punjab Weather Update : पंजाब में नहीं बरसे बादल, गर्मी ने छुड़ाए पसीने
Punjab Weather Update : पंजाब में नहीं बरसे बादल, गर्मी ने छुड़ाए पसीने

आज से बन रहे बारिश के आसार, अगले पांच दिन खराब रहेगा मौसम

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : चंडीगढ़ मौसम विभाग द्वारा गत दिवस बारिश को लेकर प्रदेश में भविष्यवाणी की गई थी। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान सही साबित नहीं हुआ और पूरा दिन तेज धूप और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए रखे। इसी बीच प्रदेश के औसतन तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा रहा। इतना ही नहीं 44.3 डिग्री सेल्सियस के साथ बठिंडा सबसे ज्यादा गर्म रहा। प्रदेश के अन्य 10 जिलों का तापमान भी 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

आज फिर से 20 जिलों में बारिश का अलर्ट

आज पंजाब के 20 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब के 12 जिले ऐसे हैं, जहां आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ द्वारा जारी पांच दिवसीय चेतावनी में राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा), गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

धान के लिए जरूरी है सामान्य बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष देश में समय से करीब एक सप्ताह पहले ही मानसून की एंट्री हो चुकी है। यही नहीं यदि मौसम की गतिविधियां सामान्य रहती हैं तो देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यदि ऐसा रहता है तो धान के सीजन में पंजाब के किसानों को भूमिगत जल पर कम से कम निर्भर रहना पड़ेगा। सामान्य बारिश से जहां फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी वहीं भूमिगत जल का लेवल भी बढ़ेगा जोकि सभी के लिए अच्छा रहेगा।

देश में समय से पहले पहुंचा मानसून

वहीं मौसम विभाग ने बुलेटिन जारी करके कहा है कि मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आम तौर पर जहां मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है वह आठ दिन पहले ही केरल पहुंच गया है। इसके साथ ही मुंबई सहित देश के तटीय प्रदेशों में जोरदार बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।