मौसम विभाग का येलो अलर्ट, हुई छिटपुट बारिश
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : इस बार राजधानी दिल्ली में मानसून लोगों को अभी तक निराश ही कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मानसून को दस्तक दिए एक सप्ताह का समय बीत चुका है। लेकिन अभी तक एक भी अच्छी बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी करता है लेकिन आसमान में घने बादल छाने के बावजूद वह बरस नहीं रहे। ऐसा ही सोमवार को भी हुआ। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली और आसपास के एरिया में अच्छी बारिश की उम्मीद जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके बिल्कुल विपरीत हुआ। दिल्ली में कुछ जगह छिटपुट बारिश हुई। जिससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली।
आसमान में घने बादल छाने से कम हुआ तापमान
हालांकि सोमवार को बारिश नहीं हुई लेकिन पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहे। इसके साथ ही पूर्व से आ रही हवाओं ने भी कम का प्रकोप कम किया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहने के साथ 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में 12.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए भी हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे ज्यादा गर्म
रिज में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोदी रोड में 34.4 और आया नगर में 34 और पालम में 33.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं, लोदी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्रों के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में 23.4, रिज में 24.2 और पालम में 22.9 डिग्री दर्ज हुआ।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : यमुना में अवैध खनन पर दिल्ली सरकार सख्त