धनास स्थित सारंगपुर पुलिस स्टेशन में था तैनात, वहीं मारी खुद को गोली
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस के जवान ने धनास स्थित सारंगपुर पुलिस स्टेशन में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक जवान की पहचान सिपाही कैलाश के रूप में हुई है। वह सारंगपुर पुलिस स्टेशन में ही तैनात था और उसकी ड्यूटी सिक्योरिटी में थी। इसी दौरान उसने गुरुवार देर रात खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस टीम घटना स्थल पर हादसे की जांच कर रही है।
बेटे ने गोली मारकर की पिता की हत्या
इधर प्रदेश के खडूर साहिब में एक कलयुगी बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पंजाब के खडूर साहिब की है। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांव रत्तोके हवेलियां में एक रात एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना खेमकरन के प्रमुख सब इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। जिसके बाद आरोपी जरनैल सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
रुपए न देने पर दिया वारदात को अंजाम
रत्तोके हवेलियां निवासी किसान हरजिंदर सिंह से उसके बेटे जरनैल सिंह ने कुछ पैसे मांगे। पिता ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद पिता-पुत्र में मामूली कहासुनी हो गई। अचानक तैश में आए बेटे जरनैल सिंह ने कमरे में पड़ी लाइसेंसी राइफल उठाई और घर के आंगन में अपने पिता हरजिंदर सिंह की छाती में गोली मार दी। हरजिंदर सिंह को तुरंत क्षेत्र के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। किसान हरजिंदर सिंह के दामाद गुरजंट सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जरनैल सिंह मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें : Punjab News : नशा रोकने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल : राजा वड़िंग