Chandigarh News: राजीव विहार के बाहर डिवाइडिंग रोड पर पौधारोपण

0
98
Chandigarh News
Chandigarh News: चंडीगढ़ सैक्टर 13 में स्थित राजीव विहार के बाहर सड़क की डिवाइडिंग पर आज एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जट सभा के प्रधान  करम सिंह के नेतृत्व में इस अभियान के अंतर्गत नीम, आंवला, कटहल और पीपल जैसे बहुउपयोगी व पर्यावरण हितैषी पेड़ों को लगाया गया। इन पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर पौधे के बाहर लोहे के मजबूत ट्री गार्ड भी लगाए गए।
इस अवसर पर चंडीगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गाबा, गुरजीत सिंह,अमर सिंह और गुरमेल गैली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और करम सिंह के इस सराहनीय प्रयास की खुले दिल से सराहना की।
करम सिंह सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनकी देखभाल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं। गर्मी हो या सर्दी, बारिश हो या तपती दोपहर — वह रोज पौधों में पानी डालते हैं, उनकी कटाई-छंटाई करते हैं और उनकी निगरानी करते हैं। उनका मानना है कि “पेड़ लगाना सिर्फ पर्यावरण सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का बीज बोना है।
गौरतलब है कि चार वर्ष पूर्व करम सिंह द्वारा लगाए गए नीम के पौधे आज घने और हरे-भरे वृक्ष बन चुके हैं, जो राहगीरों को छाया और ताजगी प्रदान करते हैं। यह उनके निरंतर परिश्रम और समर्पण का जीवंत प्रमाण है।
*शहरभर में करम सिंह के इस कार्य की व्यापक सराहना हो रही है। पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने उन्हें  “ग्रीन हीरो” की उपाधि दी है। उनका यह कार्य आज के समय में एक मिसाल बन चुका है कि एक व्यक्ति भी बदलाव की दिशा में बहुत कुछ कर सकता है।