आरबीआई ने तत्काल प्रभाव से रद किया लाइसेंस
Paytm Payments Bank (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एक बड़ी और कठोर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) का बैंकिंग लाइसेंस को रद्द करने का आदेश जारी किया। आरबीआई द्वारा लिए गए इस सख्त फैसले से वे लाखों ग्राहक सकते में आ गए हैं जिन्होंने बैंक में खाते खुलवाए हुए हैं और करोड़ों रुपए का लेनदेन कर रहे हैं।
हालांकि आरबीआई ने इस फैसले के पीछे की मुख्य वजह बताते हुए कहा है कि बैंक के प्रबंधन का सामान्य स्वरूप जमाकर्ताओं के हितों के साथ-साथ जनहित के भी विरुद्ध है। जिसके चलते आरबीआई को यह सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
आरबीआई के फैसले का यह पड़ेगा असर
यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है, जिसके बाद से बैंक किसी भी प्रकार की नई जमा स्वीकार नहीं कर सकेगा और न ही किसी भी ग्राहक खाते में क्रेडिट लेन-देन कर पाएगा। इस निर्णय का सीधा असर बैंक के करोड़ों ग्राहकों पर पड़ेगा, जिन्हें अपनी जमा राशि और लेन-देन को लेकर चिंता सता रही है। आरबीआई ने यह भी कहा कि वह बैंक को बंद करने के लिए उच्च न्यायालय में आवेदन करेगा। आरबीआई ने कहा, ‘बैंक के बंद होने पर पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के पास अपनी पूरी जमा देनदारी चुकाने के लिए पर्याप्त तरलता है।
ग्राहकों के लिए आरबीआई ने यह कहा
पेटीएम पेमेंट्स बैंक के लाइसेंस रद्द होने से सबसे अधिक प्रभावित इसके लाखों ग्राहक होंगे। हालांकि, आरबीआई ने यह स्पष्ट किया है कि ग्राहक अपने खातों में जमा राशि को निकालने के लिए स्वतंत्र हैं। बैंक किसी भी ग्राहक को अपनी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
ग्राहक अपने खातों में जमा राशि को किसी अन्य बैंक खाते में हस्तांतरित कर सकते हैं। हालांकि पेटीएम के प्रीपेड वॉलेट और फास्टैग की सेवाओं पर भी इसका असर पड़ेगा। इन सेवाओं को जल्द ही किसी अन्य बैंक के साथ एकीकृत किया जाएगा। भविष्य में बैंकिंग लाइसेंस प्राप्त करना एक लंबी और जटिल प्रक्रिया होगी। यह मामला फिनटेक कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण सबक है, जो तेजी से बढ़ रही हैं लेकिन उन्हें नियामक ढांचे का सख्ती से पालन करना होगा।


