लगातार दूसरे दिन भी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार के बाद बुधवार का भी शेयर बाजार में ज्यादात्तर कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए। बुधवार को प्रमुख घरेलू बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 852.49 अंकों यानी 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,664 पर ट्रेड करते नजर आया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 205.05 (0.84 प्रतिशत) अंक फिसलकर 24,173.05 पर पहुंच गया।
दो दिन में इतना टूटा सेंसेक्स
दिन के कारोबार में सेंसेक्स 77,983.66 पर खुलकर 823 अंक या 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 77,574.18 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। तो वहीं निफ्टी 24,202.35 पर खुलकर 243 अंक या करीब 1 प्रतिशत गिरकर 24,134.80 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।
इस तरह, महज दो सत्रों में सेंसेक्स करीब 1,600 अंक या 2 प्रतिशत तक गिर गया है, जबकि निफ्टी 50 में भी लगभग 2 प्रतिशत की गिरावट आई है। सत्र के दौरान, व्यापक बाजार सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की गई, जबकि पिछले सत्र में बाजार में गिरावट के बावजूद व्यापक सूचकांक हरे निशान में बंद हुए थे। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में जहां 0.67 प्रतिशत की गिरावट आई, वहीं निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
गिरावट के पीछे यह रहा मुख्य कारण
पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी नाकाबंदी के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, कमजोर रुपए और अन्य प्रतिकूल कारकों के कारण भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे कारोबारी दिन बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी फार्मा (2.36 प्रतिशत की तेजी) और निफ्टी मीडिया (0.90 प्रतिशत की बढ़त) को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर्स में गिरावट दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा निफ्टी आॅटो में 2.35 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.19 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 1.83 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.38 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.31 प्रतिशत और निफ्टी आईटी में 1.22 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।
ये भी पढ़ें : Real Estate Investment : देश में रियल एस्टेट निवेश 72% बढ़ा


