ईरान से तनाव के बावजूद आया शेयर बाजार में उछाल, एसएंडपी एक प्रतिशत चढ़कर आॅल टाइम हाई पर पहुंचा
US Stock Market (आज समाज), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच पिछले 28 फरवरी से युद्ध शुरू होने के बाद से विश्व भर के बाजारों में बेचैनी छाई हुई है। भारत सहित एशिया और यूरोप के प्रमुख बाजार अनिश्चित्ता के दौर से गुजर रहे हैं। इस युद्ध से न केवल ईरान में व्यापक तबाही हुई है। बल्कि अमेरिका के भी अरबों डॉलर इस युद्ध की भेंट चढ़ चुके हैं। वहीं अमेरिका के शेयर बाजार इन हालात से पूरी तरह से दूर नई ऊंचाई को छू रहे हैं।
बुधवार को ऐतिहासिक स्तर को छू गया अमेरिकी शेयर बाजार
अमेरिका के शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली और प्रमुख इंडेक्स नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। एसएंडपी 500 करीब 1% चढ़कर अपने पिछले आॅल-टाइम हाई को पार कर गया। वहीं डाउ जोन्स औद्योगिक औसत में 340 अंकों की बढ़त रही और नैस्डैक कंपोजिट ने भी 1.6% उछलकर नया रिकॉर्ड बना लिया। बड़ी कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों ने बाजार को मजबूती दी।
इस कंपनी के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े
इस तेजी में जीई वनोर्वा का बड़ा योगदान रहा, जिसके शेयर करीब 13.7% चढ़ गए। कंपनी ने उम्मीद से ज्यादा मुनाफा कमाया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े डेटा सेंटरों के लिए भारी आॅर्डर मिले। इसी तरह बोस्टन साइंटिफिक, बोइंग और फिलिप मॉरिस इंटरनेशनल के शेयर भी मजबूत तिमाही नतीजों के बाद तेजी से बढ़े। दूसरी ओर, गांजा (कैनाबिस) सेक्टर की कंपनियों में तेजी आई। रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप प्रशासन मारिजुआना को कम खतरनाक श्रेणी में डालने की तैयारी कर रहा है, जिससे इस इंडस्ट्री पर टैक्स का बोझ कम हो सकता है। इससे टिलरे ब्रांड्स और कैनोपी ग्रोथ के शेयरों में जोरदार उछाल आया।
भारतीय शेयर बाजार में गिरावट जारी
भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार के बाद बुधवार का भी शेयर बाजार में ज्यादात्तर कंपनियों के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए। बुधवार को प्रमुख घरेलू बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 852.49 अंकों यानी 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,664 पर ट्रेड करते नजर आया, तो वहीं एनएसई निफ्टी50 205.05 (0.84 प्रतिशत) अंक फिसलकर 24,173.05 पर पहुंच गया।


