Bhutan PM Daso Tshering Tobgay Ayodhya Tour, (आज समाज), लखनऊ: भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे अपनी धर्मपत्नी के साथ आज अयोध्या पहुंचे और उन्होंने यहां श्री रामलला के दर्शन किए। तोबगे सुबह करीब साढ़े नौ बजे इंडियन एयरफोर्स के विशेष विमान से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे जहां शासन, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। शेरिंग तोबगे ने इसके बाद श्री रामलला के दर्शन-पूजा किए। उन्होंने लगभग 2 घंटे राम जन्मभूमि परिसर में व्यतीत किए।
बिहार के गया से अयोध्या पहुंचे शेरिंग तोबगे
भूटान पीएम बिहार के गया से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद वह पहले विदेशी प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने अपनी धर्मपत्नी संग श्री रामलला के दर्शन किए। एयरपोर्ट से शेरिंग तोबगे सड़क मार्ग से दस बजे सीधे राम मंदिर पहुंचे। शासन, प्रशासन व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तोबगे के साथ मौजूद रहे।
भूटान पीएम ने राम दरबार के भी दर्शन किए
भूटान पीएम ने राम मंदिर प्रवास के दौरान श्री रामलला के अलावा राम दरबार के भी दर्शन किए। साथ ही उन्होंने जटायु, कुबेर टीला व सप्त मंडपम के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की। उन्होंने लोअर प्लिंथ के चौतरफा लगने वाले म्यूरल के साथ परकोटा की दीवार पर लगने वाला ब्रांज म्यूरल भी देखा। साथ ही तोबगे ने अपने मोबाइल से रामजन्मभूमि परिसर फोटो भी खींचे।
रामलला के दरबार में 3 दफा किया साष्टांग प्रणाम
दासो शेरिंग तोबगे राम मंदिर में जितनी देर रहे, वह काफी खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने रामलला के दरबार में 3 दफा साष्टांग प्रणाम किया। साथ ही श्री रामलला की आरती उतारी और उन्हें पुष्प अर्पित किए। उन्होंने चरणामृत प्रसाद भी ग्रहण किया। भूटान पीएम इसके बाद होटल रामायणा पहुंचे जहां भूटान की पारंपरिक शैली में सांस्कृतिक कार्यक्रम से उनका वेलकम किया गया। जिला प्रशासन ने प्रदेश सरकार की पहल पर उनके सम्मान में लंच का आयोजन किया। इसके बाद वह अयोध्या एयरपोर्ट आए और इंडियन एयरफोर्स के विमान से नई दिल्ली रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें: Ram Temple के उद्घाटन समारोह में मोबाइल, गैजेट्स और पर्स बैन