
- देश की एकता व अखंडता को मजबूत करता है तिरंगा: अशोक भारद्वाज
(आज समाज) भिवानी। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार व आज़ादी का अमृत महोत्सव के प्रथम चरण के तहत वर्ष 2025 “हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता” अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और तिरंगे के प्रति एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना है। बीते कुछ वर्षों में यह अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का प्रतीक बन चुका है।
इसी क्रम में भिवानी के जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता व संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में “हर घर तिरंगा”, “हर घर स्वच्छता” और “हर घर हरियाली” जैसे अभियानों को जोड़ते हुए स्थानीय विवेकानंद हाई स्कूल परिसर में सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति भिवानी द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय से इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उपरोक्त अभियानों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
हर नागरिक का तिरंगे के प्रति सम्मान अति आवश्यक
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संचालिका सावित्री यादव ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं अभियान के संयोजक अशोक कुमार भारद्वाज और विद्यालय निदेशक सावित्री यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सशक्त बनाने के लिए हर नागरिक का तिरंगे के प्रति सम्मान अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जैसे तिरंगा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है, वैसे ही स्वच्छता और हरियाली भी एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को तिरंगे का महत्व, उसके प्रति कर्तव्य और दैनिक जीवन में स्वच्छता व हरियाली को अपनाने की प्रेरणा दी गई। यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम है, बल्कि नागरिकों को सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करने वाला एक सराहनीय प्रयास रहा। इस अवसर विद्यालय प्राचार्या समी यादव, लेखाकार सरला अग्रवाल, मास्टर दयानंद , इतिहास प्रवक्ता उर्मिला सैनी, कविता देवी, अनीता सैनी , शकुन्तला देवी, महिला सामाजिक कार्यकर्ता अंजु शर्मा, मास्टर कपील वर्मा, रामा सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
यह भी पढ़े : World Breastfeeding Week : नवजात शिशु को पहले छह महीनों तक केवल मां का ही दूध पर्याप्त : डॉ. भोला