Assam Flood: राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित

0
100
Assam Flood
Assam Flood: राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में 5 लाख से अधिक लोग प्रभावित
  • अभी राहत के नहीं आसार, और होगी बारिश
  • बाढ़ और भूस्खलन में मृतक संख्या 11
  • प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री सरमा से की बात

Assam Weather Updates, (आज समाज), गुवाहाटी: पूर्वोत्तर राज्य असम में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में 5.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और अब भी खराब मौसम से राहत के आसार नहीं हैं। अधिकारियों ने बताया है कि राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 11 है, जबकि दो अन्य लापता हैं। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में और बारिश की भविष्यवाणी की है।

कछार जिला सबसे ज्यादा प्रभावित, सीएम करेंगे दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और उन्हें केंद्र सरकार से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। सूत्रों के अनुसार पीएम ने आज सीएम सरमा से बात की। मुख्यमंत्री आज कछार जिले का दौरा करेंगे, जो मौजूदा बाढ़ में राज्य के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक है।

चार जिलों में आरेंज, 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट

गुवाहाटी क्षेत्रीय मौसम विभाग (आरएमसी) ने धुबरी, दक्षिण सलमारा मनकाचर, गोलपारा और कोकराझार जिले के लिए ‘आरेंज अलर्ट’ जारी किया है। आरेंज अलर्ट का मतलब होता है-कार्रवाई के लिए तैयार रहें। यह तब जारी किया जाता है जब गरज और बिजली के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना होती है। राज्य के 11 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। यह तब जारी किया जाता है जब अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना होती है।

सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित

अधिकारियों ने कहा कि राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण राज्य में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं। 22 जिलों के 65 राजस्व सर्किलों और 1,254 गांवों में 5.15 से अधिक लोग प्रभावित रहे, जिसमें श्रीभूमि सबसे अक प्रभावित जिला है, जिसकी 1,94,172 आबादी बाढ़ से प्रभावित है। कुल 165 राहत शिविरों में 31,212 विस्थापित लोग रह रहे हैं, जबकि 157 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों में 12,610 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न हो गया है, जबकि 94 जानवर बह गए हैं।

पीएम ने दिया केंद्र की तरफ से मदद का आश्वासन : सरमा

सीएम सरमा ने एक्स पर कहा, माननीय प्रधानमंत्री जी ने उन्हें असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि कैसे असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई है और इससे कई लोगों की जान पर असर पड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान से भी अवगत कराया। सरमा ने कहा, माननीय प्रधानमंत्री ने चिंता व्यक्त की और हमारे राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें : Manipur Rain: भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से 10 हजार से अधिक मकान क्षतिग्रस्त, पूरे राज्य में 56,000 से ज्यादा लोग प्रभावित