प्रदेश में 5 जुलाई तक बारिश के आसार, बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: आज मौसम विभाग ने हरियाणा के अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है। यहां पर 50-75 प्रतिशत तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में 25 से 50 फीसदी तक बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं गत दिवस भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, सोनीपत कुरुक्षेत्र में बारिश हुई।
जून माह में बारिश ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। करीब तीन गुना अधिक बारिश हुई है। मंगलवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इस दौरान हिसार में आसमानी बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे मजदूर की मौत हो गई, जबकि साथी झुलस गया।
मंत्री, डीसी व एसपी की कोठी में घुसा पानी
भिवानी में बारिश से सड़कों-गलियों में इतना पानी भरा कि पूर्व सीएम बंसीलाल की पुत्रवधू भाजपा सांसद किरण चौधरी और उनकी मंत्री बेटी श्रुति चौधरी की कोठी में भी पानी घुस गया। चरखी दादरी के डीसी मुनीश शर्मा और एसी अर्श वर्मा के सरकारी निवास के बाहर भी भारी जलभराव हो गया, जिसके बाद पानी उनके आवास में घुस गया। यहां तूफान से किसान का टीन शेड उड़ गया और मलबे में बाइक दब गई।
मौसम हुआ साफ, अधिकतर जिलों में निकली धूप
वहीं हरियाणा में 5 दिन लगातार बारिश के बाद आज मौसम साफ हो गया है। हिसार, गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र समेत अधिकतर जिलों में धूप निकली हुई है। 24 जून को मानसून एक्टिव होने के बाद 28 तारीख से लगातार प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो रही थी।