
- 27 जुलाई 2015 को शिलांग में हुआ निधन
Tributes To Abdul Kalam On Death Anniversary, (आज समाज), नई दिल्ली: ‘मिसाइल मैन’, भारत रत्न और देश के राष्ट्रपति रह चुके डॉक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की आज पुण्यतिथि है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। डॉक्टर अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रमानाथपुरम जिले के रामेश्वरम में हुआ था। 27 जुलाई 2015 को मेघालय की राजधानी शिलांग में उनका निधन हुआ।
डॉक्टर कलाम के विचार युवाओं को प्रेरित करने वाले : मोदी
डॉक्टर कलाम 2002-07 के बीच देश के 11वें राष्ट्रपति रहे। उन्होंने अपने सादा जीवन और निष्पक्ष आचरण के लिए सभी लोगों और राजनीतिक दलों का सम्मान व प्रशंसा अर्जित की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डॉक्टर कलाम को एक प्रेरक दूरदर्शी, उत्कृष्ट वैज्ञानिक, मार्गदर्शक व महान देशभक्त के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने कहा, हमारे राष्ट्र के प्रति कलाम का समर्पण अनुकरणीय था। पूर्व राष्ट्रपति के विचार देश के युवाओं को एक विकसित और मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकाश स्तंभ बने रहेंगे कलाम : शाह
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। उन्होंने कहा, राजनीतिक क्षेत्र से विज्ञान प्रयोगशाला तक, उनके योगदान ने एक नए व उन्नत भारत की नींव रखी हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए डॉक्टर कलाम एक प्रकाश स्तंभ बने रहेंगे।
डॉक्टर कलाम ने युवाओं को बड़े सपने देखना सिखाए : धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नेकहा, भारत रत्न से अलंकृत मिसाइल मैन डॉक्टर अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिश: नमन। शिक्षा के क्षेत्र के अलावा राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र व विज्ञान में उनका योगदान अद्वितीय है। डॉक्टर कलाम ने देश के युवाओं को न सिर्फ बड़े सपने देखना सिखाए, बल्कि उन्हें भारत के नौजवानों को उन्होंने सपनों को साकार करने की दिशा भी दिखाई। उनका जीवन हमेशा हमें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
डॉक्टर कलाम का जीवन पूरे देश के लिए एक दिव्य प्रेरणा : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, डॉक्टर अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा, शिक्षा, विज्ञान व नवाचार के क्षेत्र में प्रज्वलित उनके विचार हम सभी को हमेशा आलोकित करते रहेंगे। राष्ट्रभक्ति, सादगी व कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण डॉक्टर कलाम का जीवन पूरे देश के लिए एक दिव्य प्रेरणा है।
ये भी पढ़ें : Kargil Vijay Diwas: राष्ट्रपति मुर्मू, और प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने वीर सपूतों को किया नमन