Hisar News: हिसार के युवक ने 20 हजार बार सूर्य नमस्कार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

0
160
Hisar News: हिसार के युवक ने 20 हजार बार सूर्य नमस्कार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Hisar News: हिसार के युवक ने 20 हजार बार सूर्य नमस्कार कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

36 घंटे 21 मिनट तक लगातार की एक्सरसाइज
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार के रहने वाले संदीप ने 36 घंटे 21 मिनट तक लगातार एक्सरसाइज कर 20 हजार बार सूर्य नमस्कार किया। ऐसा करने वाला संदीप दुनिया का पहला व्यक्ति बन गया है। संदीप आर्य ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर यह नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले लगातार 15 हजार बार सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड भी उनके ही नाम था। इस नए रिकॉर्ड को बनाने में संदीप का 15 किलो वजन भी कम हो गया। संदीप आर्य जांगड़ा का जन्म 17 मई 1995 को एक साधारण परिवार में हुआ।

उनके पिता धर्मपाल जांगड़ा राजमिस्री हैं। जब संदीप 10 साल के थे, उस समय उनकी मां कृष्णा देवी का निधन हो गया। इसके बाद पिता ने संदीप को ननिहाल में भेज दिया, जहां संदीप की परवरिश हुई। संदीप के 2 बड़े भाई हैं, जो राजमिस्त्री हैं। संदीप आर्य ने बताया कि एक सूर्य नमस्कार में 12 प्रकार की एक्सरसाइज होती हैं, जिन्हें एक के बाद एक लगातार बिना रुके किया जाता है। ऐसे ही लगातार 20 हजार सूर्य नमस्कार उन्होंने किए। इसके लिए गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और योगगुरु बाबा रामदेव ने भी उन्हें बधाई दी है।

योगगुरु बाबा रामदेव के मंच से की थी सूर्य नमस्कार की शुरूआत

संदीप बताते हैं कि वह हिसार के फरीदपुर गांव के रहने वाले हैं। साल 2010 में उन्होंने योगगुरु बाबा रामदेव के मंच से सूर्य नमस्कार की शुरूआत की थी। तब से वह रोजाना सूर्य नमस्कार करते हैं, और 5 बार खुद का ही रिकॉर्ड तोड़कर नया रिकॉर्ड बना चुके हैं।

अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

संदीप आर्य अब तक सूर्य नमस्कार में 5 बार रिकॉर्ड बनाकर खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने पांचवां रिकॉर्ड 2024 में बनाया था, जब अंतरराष्ट्रीय सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता में उन्होंने 15 हजार बार सूर्य नमस्कार किया था। हालांकि अब 36 घंटे 21 मिनट में 20 हजार बार सूर्य नमस्कार कर उन्होंने अपना ये रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

अमेरिका और लंदन की वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज हुआ संदीप का नाम

संदीप आर्य का नाम सूर्य नमस्कार में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के कारण गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है। इसके साथ ही लिम्का बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी उनका नाम दर्ज है। नए रिकॉर्ड के साथ संदीप का नाम अमेरिका और लंदन की वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज हो गया है।

संदीप पर रिसर्च करने भारत आएंगे पौलेंड के वैज्ञानिक

संदीप ने बताया- लगातार 36 घंटे 21 मिनट तक सूर्य नमस्कार करने के रिकॉर्ड को देखते हुए पौलेंड से वैज्ञानिक क्रिस्टोफ स्टेक का मेरे पास मैसेज आ रहा है। उन्होंने सूर्य नमस्कार पर एक किताब लिखी है, लेकिन उनका कहना है कि मेरे रिकॉर्ड के बाद वह किताब अधूरी हो गई है। इसलिए, जुलाई में पौलेंड के वैज्ञानिक मुझ पर रिसर्च करने भारत आएंगे।

ये भी पढ़ें : Delhi Corona Update : कोरोना से दिल्ली में तीन मौत, तेजी से फैल रहा वायरस

ये भी पढ़ें : हरियाणा में बारिश का यलो अलर्ट