Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र की 9 साल की अनाया ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा

0
111
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र की 9 साल की अनाया ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र की 9 साल की अनाया ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा

माइनस 12 डिग्री तापमान में पूरी की 130 किलोमीटर लंबी ट्रैकिंग
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली 9 वर्षीय लड़की अनाया सौदा ने माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है। बच्ची की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। अनाया ने नेपाल में माइनस 12 डिग्री के तापमान में 130 किलोमीटर लंबी ट्रैकिंग पूरी की। अनाया ने यह अभियान ड्रग्स के खिलाफ समर्पित किया और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। वहीं छोटी उम्र में इतना बड़ा मुकाम हासिल कर अनाया प्रदेश की सबसे कम उम्र की पर्वतारोही बन गई है।

अनाया 5वीं कक्षा में पढ़ती है। अनाया को पर्वतारोहण का शौक अपनी बुआ ममता सौदा से मिला, जो हरियाणा पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं और खुद भी माउंट एवरेस्ट फतह कर चुकी हैं। ममता के पति राजेश पर्वतारोहियों को ट्रेनिंग देने का काम करते हैं। यह ट्रैकिंग पूरी करने के बाद 26 मई को अनाया को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में सम्मानित किया।

प्रतिदिन 10 किलोमीटर का सफर करते थे तय

अनाया ने 3 मई से ट्रैकिंग शुरू की। हर दिन सुबह 6 बजे उठकर करीब 8-10 घंटे की चढ़ाई होती थी। रोजाना करीब 10 किलोमीटर का सफर तय करते थे। रास्ता बेहद पथरीला और संकरा था। कई जगह रस्सियों का सहारा लेना पड़ता था। रास्ते में कई बार बारिश और ओले गिरने के कारण ट्रैकिंग रोकनी पड़ी।

आॅक्सीजन की कमी भी लगातार महसूस होती थी। लुकला में तापमान माइनस 7 डिग्री था, जो बेस कैंप तक पहुंचते-पहुंचते माइनस 12 तक चला गया। खाने के लिए वे चॉकलेट, ड्राईफ्रूट और फ्रूट्स साथ लेकर चले थे। इन्हीं से एनर्जी मिलती रही।

14 मई एवरेस्ट बेस पर फहराया तिरंगा

ठंड इतनी ज्यादा थी कि अनाया की स्किन बर्न हो गई। उसका मुंह का स्वाद चला गया था। हल्का बुखार भी हो गया था, लेकिन उसने हार नहीं मानी। 14 मई को सुबह 8 बजे गोरखशेप से अंतिम चढ़ाई शुरू हुई। यह आधा किलोमीटर का रास्ता सबसे कठिन था। माइनस 12 डिग्री तापमान और पत्थरों-बर्फ के बीच अनाया और आर्यन ने सुबह 11 बजे एवरेस्ट बेस कैंप पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज होगी बारिश, 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं