9 साल बाद आया फैसला, गन्नौर से विधायक है देवेंद्र कादियान
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में विधायक देवेंद्र कादियान पर गोली चलाने के आरोपी को कोर्ट ने दोषी करार देते हुए 5 साल कैद की सजा सुनाई है। मामला साल 2016 का है। 29 मई 2016 को गोहाना की पुरानी सब्जी मंडी में भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहे थे। मतदान के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े और फायरिंग में बदल गई।
चुनाव के समय देवेंद्र कादियान पर गोली चलाई गई थी। चुनाव के समय गन्नौर के वर्तमान विधायक और उस समय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र कादियान बाल-बाल बचे थे। घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देवेंद्र कादियान ने शिकायत दी थी कि देवेन्द्र शर्मा ने चुनाव के समय उन पर गोली चलाई। जिला अध्यक्ष पद का उम्मीदवार देवेंद्र गौतम था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर देवेंद्र शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।
26 हजार रुपए लगाया जुर्माना
अब इस केस की सुनवाई पूरी होने के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरताज बसवाना की अदालत ने देवेंद्र शर्मा को दोषी करार देते हुए पांच वर्ष की कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने उस पर 26 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में उसे साढ़े तीन महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज होगी बारिश, 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं