रावलपिंडी और इस्लामाबाद में मालवाहक परिवहन निलंबन से उपजी गंभीर स्थिति
Pakistan Shortage of food items (आज समाज), इस्लामाबाद : एक तरफ तो अमेरिका और ईरान के आपसी तनाव के चलते पूरी दुनिया की सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। वहीं भारत के पड़ौसी देश पाकिस्तान में यह स्थिति विस्फोटक स्तर तक पहुंच चुकी है। होर्मुज बंद रहने के चलते जहां पाकिस्तान में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की भारी किल्लत चल रही है।
जिससे इनके दाम आसमान छू रहे हैं वहीं इसी बीच पाकिस्तान के दो बड़े और अहम शहरों में स्थानीय मालवाहक परिवहन के निलंबन ने यहां पर स्थिति को गंभीर बना दिया है। जिसके चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से लगाए गए इस प्रतिबंध के कारण दोनों शहरों में खाद्य पदार्थों और पेट्रोलियम उत्पादों की भारी किल्लत पैदा हो गई है। व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों ने बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन से तत्काल रास्ते खोलने की अपील की है।
विस्फोटक हो सकते हैं हालात
आॅयल टैंकर कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता नोमान अली बट ने बताया कि तेल टैंकरों की आवाजाही ठप होने से आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा, ‘मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई में बड़ी बाधा बन रहा है।’ पिछले दो से तीन दिनों से रावलपिंडी और इस्लाबाद में आपूर्ति ठप है। टैंकरों को शहरों की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
इतना ही नहीं, पेशावर और इस्लाबाद हवाई अड्डों के लिए ईंधन ले जाने वाले वाहन भी डिपो पर ही खड़े हैं। बट ने आगाह किया कि यदि यही स्थिति बनी रही, तो हवाई अड्डों पर ईंधन की कमी हो सकती है, जिससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। एसोसिएशन ने अधिकारियों से मानवीय आधार पर तुरंत टैंकरों को प्रवेश देने का अनुरोध किया है।
हजारों मजदूरों पर आर्थिक संकट
रावलपिंडी गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष शकील कुरैशी ने कहा कि 19 अप्रैल से सड़कों के बंद होने के कारण अनाज, फल और सब्जी मंडियों तक कोई भी सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि इस संकट ने केवल व्यापारियों को ही नहीं, बल्कि दिहाड़ी पर काम करने वाले मजदूरों को भी सड़क पर ला दिया है। हजारों मजदूर काम की उम्मीद में ट्रांसपोर्ट टर्मिनलों पर आते हैं, लेकिन काम न मिलने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।’ उन्होंने प्रशासन को सुझाव दिया कि यदि सुरक्षा कारणों से मुख्य सड़कें बंद हैं, तो मालवाहक जहाजों को मोटरवे का उपयोग करने की अनुमति दी जानी चाहिए।


