Bangladeshi workers dead in saudi fire: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटी। सोफा बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 16 बांग्लादेशी प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। यह आग रविवार को मूसा सनैया औद्योगिक क्षेत्र में लगी।
हालात पर दूतावास की नजर
बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय स्थिति पर नजर रख रहा है, जबकि रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास के अधिकारी स्वदेश वापसी की औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
शव जल्द लाए जाएंगे वापस
प्रवासी कल्याण और विदेश रोजगार मंत्री अरिफुल हक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शवों को जल्द से जल्द वापस लाया जाए और शोक संतप्त परिवारों को आवश्यक सरकारी सहायता और मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
सऊदी में रहते हैं 35 लाख बांग्लादेशी कामगार
सऊदी अरब में लगभग 35 लाख बांग्लादेशी रहते हैं और यह देश बांग्लादेशी प्रवासी कामगारों के लिए सबसे बड़ा गंतव्य बना हुआ है, जिन्होंने पिछले साल 27 लाख डॉलर से अधिक की रकम अपने घर भेजी थी।


