Indonesia Plane Missing: इंडोनेशिया में 11 लोगों को ले जा रहा विमान लापता

0
281
Indonesia Plane Missing: इंडोनेशिया में 11 लोगों को ले जा रहा विमान लापता
Indonesia Plane Missing: इंडोनेशिया में 11 लोगों को ले जा रहा विमान लापता

जावा द्वीप से सुलावेसी द्वीप की ओर जा रहा था विमान
Indonesia Plane Missing, (आज समाज), नई दिल्ली: इंडोनेशिया में 11 लोगों को ले जा रहा एक यात्री विमान शनिवार को रडार से गायब हो गया। विमान जावा द्वीप से सुलावेसी द्वीप की ओर जा रहा था और पहाड़ी इलाके में पहुंचते ही ग्राउंड कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में 8 क्रू मेंबर और 3 यात्री सवार थे। इसके बाद सर्च और रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू कर दिया गया है। अभी किसी के जीवित या मृत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

विमान से कहां और कब टूटा संपर्क

लापता हुआ टर्बोप्रॉप एटीआर 42-500 विमान इंडोनेशिया एयर ट्रांसपोर्ट का था। यह विमान योग्याकार्ता से दक्षिण सुलावेसी की राजधानी की ओर जा रहा था। परिवहन मंत्रालय की प्रवक्ता एंडाह पुनार्मा सारी के मुताबिक, विमान दोपहर 1:17 बजे (05:17 जीएमटी) मारोस जिले के लेआंग-लेआंग इलाके में आखिरी बार रडार पर देखा गया।

सारी ने बताया कि लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को अप्रोच एलाइनमेंट ठीक करने के निर्देश दिए थे। इसके तुरंत बाद रेडियो संपर्क टूट गया। इसके बाद कंट्रोल टावर ने इमरजेंसी डिस्टेस फेज घोषित किया और सर्च आॅपरेशन शुरू किया गया।

सर्च आॅपरेशन के लिए सेना-ड्रोन तैनात

विमान जिस इलाके में लापता हुआ, वह पहाड़ी और घने जंगलों वाला क्षेत्र है। यहां पहुंचना रेस्क्यू टीमों के लिए बड़ी चुनौती है। सर्च आॅपरेशन के लिए एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर, ड्रोन और ग्राउंड यूनिट्स को लगाया गया है। दक्षिण सुलावेसी के हसनुद्दीन मिलिट्री कमांडर मेजर जनरल बांगुन नवोको ने इसकी पुष्टि की। इस बीच माउंट बुलुसराउंग इलाके में ट्रैकिंग कर रहे कुछ हाइकर्स ने पहाड़ पर बिखरा मलबा, विमान जैसा लोगो और आग जलने की सूचना दी है।

रेस्क्यू टीमें मौके तक पहुंचने की कोशिश कर रही

मेजर जनरल नवोको के मुताबिक, इन सूचनाओं की पुष्टि के लिए रेस्क्यू टीमें मौके तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय इलाके में बादल थे, लेकिन विजिबिलिटी करीब 8 किलोमीटर थी। हालांकि, खड़ी पहाड़ियां और घना जंगल रेस्क्यू आॅपरेशन को मुश्किल बना रहे हैं।

ये भी पढ़ें: घुसपैठियों को वोटर बना रही टीएमसी, आबादी का संतुलन बिगड़ रहा: पीएम मोदी

  • TAGS
  • [post_tags]