Israel Army Battalion Suspends: सीएनएन पत्रकारों से बदसलूकी पर इजराइली सेना ने पूरी बटालियन सस्पेंड की

0
279
Israel Army Battalion Suspends: सीएनएन पत्रकारों से बदसलूकी पर इजराइली सेना ने पूरी बटालियन सस्पेंड की
Israel Army Battalion Suspends: सीएनएन पत्रकारों से बदसलूकी पर इजराइली सेना ने पूरी बटालियन सस्पेंड की

आॅपरेशनल गतिविधियां पर भी रोक, ट्रेनिंग पर भेजा
Israel Army Battalion Suspends, (आज समाज), तेल अवीव: सीएनएन पत्रकारों से बदसलूकी करने पर इजराइली सेना की पूरी बटालियन को सस्पेंड कर दिया गया है। यह बटालियन नेत्जाह यूनिट का हिस्सा है। सेना के मुताबिक बटालियन को तुरंत वेस्ट बैंक से हटाकर ट्रेनिंग पर भेजा गया है और जांच पूरी होने तक यह किसी आॅपरेशन में शामिल नहीं होगी।

यह घटना पिछले हफ्ते फिलिस्तीनी गांव तायासिर में हुई, जहां सीएनएन टीम रिपोर्टिंग कर रही थी। आरोप है कि सैनिकों ने टीम को हिरासत में लिया और एक फोटो जर्नलिस्ट से मारपीट की, जिससे उसका कैमरा टूट गया। इजराइली सेना ने कहा कि बटालियन को प्रोफेशनल और एथिकल ट्रेनिंग दी जाएगी और मामले में शामिल सैनिकों पर अलग से कार्रवाई होगी।

फिलिस्तीनी गांव तयासिर में रिपोर्टिंग कर रही थी सीएनएन की टीम

26 मार्च को वेस्ट बैंक के फिलिस्तीनी गांव तयासिर में सीएनएन की टीम रिपोर्टिंग कर रही थी। कुछ समय पहले ही वहां इजराइली सेटलर्स ने हमला किया था। उसी के बाद की स्थिति दिखाने के लिए सीएनएन के पत्रकार जेरेमी डायमंड अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे थे। सीएनएन की टीम तयासिर के हालात कैमरे पर रिकॉर्ड कर रही थी और चश्मदीदों से बात कर रही थी।

पत्रकार का गला पकड़ा

तभी अचानक वहां इजरायली सैनिकों की टीम पहुंची। शुरूआत में सैनिकों ने टीम से सवाल-जवाब किए, लेकिन माहौल जल्दी ही तनावपूर्ण हो गया। कुछ ही देर में सैनिकों ने टीम को आगे बढ़ने से रोक दिया और उन्हें वहीं रोककर हिरासत में ले लिया। इसी दौरान हालात और बिगड़ गए।

आरोप है कि एक सैनिक ने फोटो जर्नलिस्ट सिरिल थियोफिलॉस को पकड़कर उनका गला जकड़ लिया। अचानक हुए इस हमले से वह संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर गए। इस धक्का-मुक्की में उनका कैमरा भी टूट गया।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन ने की हमले की निंदा

वेस्ट बैंक में सीएनएन की टीम के साथ हुई बदसलूकी को लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन फॉरेन प्रेस एसोसिएशन ने निंदा की। संगठन ने इस घटना को हिंसक हमला बताते हुए प्रेस की आजादी पर सीधा हमला करार दिया। संगठन ने आरोप लगाया कि सैनिकों ने पत्रकारों और वहां मौजूद लोगों पर बंदूक तान दी, जबकि पत्रकार अपनी पहचान बता चुके थे।

इतना ही नहीं, टीम को शूटिंग बंद करने के लिए मजबूर किया गया और कैमरा छीनने की धमकी भी दी गई। संगठन ने इस मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह घटना दिखाती है कि मीडिया के प्रति दुश्मनी बढ़ रही है, जो बेहद चिंताजनक है।

ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी करने वाले ईरानी कमांडर की मौत

  • TAGS
  • [post_tags]