Iran Protest Update: ईरान आजादी की ओर देख रहा, अमेरिका मदद के लिए तैयार: ट्रम्प

0
1472
Iran Protest Update: ईरान आजादी की ओर देख रहा, अमेरिका मदद के लिए तैयार: ट्रम्प
Iran Protest Update: ईरान आजादी की ओर देख रहा, अमेरिका मदद के लिए तैयार: ट्रम्प

ईरान का जवाब- अगर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तो अमेरिकी सेना और इजराइल दोनों ईरान के निशाने पर होंगे
Iran Protest Update, (आज समाज), नई दिल्ली: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ईरान आजादी की ओर देख रहा है, जो पहले कभी नहीं हुआ। अमेरिका मदद के लिए तैयार है। वहीं, ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर कालिबाफ ने रविवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका या इजराइल ने ईरान पर हमला किया, तो दोनों को सख्ती से जवाब देंगे।

वहीं अमेरिकी अधिकारियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को ईरान पर संभावित सैन्य हमलों के विकल्पों की ब्रीफिंग दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ईरान सरकार प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करती है तो ट्रम्प सैन्य कदम उठाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है।

217 लोगों की हो चुकी मौत

दूसरी तरफ टाइम मैगजीन ने तेहरान के एक डॉक्टर के हवाले से बताया कि कम से कम 217 प्रदर्शनकारियों की मौत दर्ज की गई है। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक अब तक 2600 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। ईरान के अटॉर्नी जनरल मोहम्मद मोवाहेदी आजाद ने चेतावनी दी है कि प्रदर्शन में शामिल लोगों को खुदा का दुश्मन माना जाएगा, जिसके तहत मौत की सजा दी जा सकती है।

इजराइल हाई अलर्ट पर

ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका को लेकर इजराइल हाई अलर्ट पर है। रॉयटर्स ने इजराइली सूत्रों के हवाले से बताया है कि हालात को देखते हुए इजराइली सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बढ़ाए हुए हैं। इजराइल और ईरान जून में 12 दिन की जंग लड़ चुके हैं, जिसमें अमेरिका ने इजराइल के साथ मिलकर हवाई हमले किए थे।

शनिवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच फोन पर बातचीत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक इस बातचीत में ईरान में अमेरिकी दखल की संभावना पर चर्चा हुई। अमेरिकी अधिकारी ने कॉल की पुष्टि की, लेकिन बातचीत के मुद्दों का खुलासा नहीं किया।

लंदन में ईरानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन, झंडा उतारा

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में भी ईरानी दूतावास के बाहर प्रदर्शन हुए। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने ईरानी दूतावास का इस्लामी गणराज्य का झंडा हटाकर 1979 की इस्लामी क्रांति से पहले इस्तेमाल होने वाला झंडा फहरा दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी ने शेर और सूरज के निशान वाला तिरंगा झंडा लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह झंडा कई मिनट तक दूतावास पर लगा रहा, जिसके बाद उसे हटा दिया गया।

देश लौटने की तैयारी कर रहे रजा पहलवी रजा

सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट में रजा पहलवी ने लिखा- मैं भी अपने देश लौटने की तैयारी कर रहा हूं ताकि हमारी राष्ट्रीय क्रांति की जीत के समय मैं आप सबके साथ, ईरान की महान जनता के बीच खड़ा रह सकूं।

मुझे पूरा भरोसा है कि वह दिन अब बहुत करीब है। इसके अलावा ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी ने देशभर में जारी प्रदर्शनों के बीच वीडियो संदेश जारी कर लोगों से सड़कों पर डटे रहने की अपील की है। पहलवी ने आज शाम 6 बजे फिर से सड़कों पर उतरने के लिए कहा।

ये भी पढ़ें: सोमनाथ को तोड़ने वाले इतिहास के पन्नों में सिमटे: पीएम मोदी

  • TAGS
  • [post_tags]