कहा- ईरान में वेनेजुएला की तरह बनेगी नई सरकार, एक खास शख्स से बातचीत की जा रही
Israel US Iran War, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वह ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई की मौत नहीं चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि वे नहीं जानते मुजतबा जिंदा है या नहीं। फ्लोरिडा में पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो सकता है और इस दिशा में एक खास शख्स से बातचीत की जा रही है। ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका ईरान में नई राजनीतिक व्यवस्था के विकल्पों पर काम कर रहा है।
ईरान बातचीत के लिए बेकरार, जल्द समझौता करना चाहता है
उन्होंने कहा कि वेनेजुएला की तरह कोई नया नेता सामने लाया जा सकता है या फिर अमेरिका के साथ मिलकर जॉइंट लीडरशिप का मॉडल भी अपनाया जा सकता है। ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान बातचीत के लिए बेकरार है और जल्द समझौता करना चाहता है। उन्होंने कहा कि 5 दिन या उससे कम समय में यह डील हो सकती है।
ईरान के लोरेस्तान प्रांत में 157 की मौत
ईरान के लोरेस्तान प्रांत में जारी हमलों के बीच अब तक कम से कम 157 लोगों की मौत हुई है। प्रांत के डिप्टी गवर्नर के मुताबिक, 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद से अब तक 2,667 लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस दौरान प्रांत के कई इलाकों को निशाना बनाया गया, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ है।
डील नहीं हुई तो लगातार बमबारी करेंगे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर ईरान के साथ बातचीत नाकाम रहती है, तो अमेरिका हमले जारी रखेगा। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने कहा कि या तो समझौता होगा, नहीं तो अमेरिका लगातार बमबारी करता रहेगा।
ये भी पढ़ें: श्रीनगर में कई जगह एनआईए के छापे


