कंपाला और किंशासा जैसे बड़े और घनी आबादी वाले शहरों तक पहुंचा वायरस
Ebola, (आज समाज), नई दिल्ली: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कांगो और युगांडा में फैले इबोला के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है। यह वैश्विक स्तर पर संगठन का सबसे बड़ा अलर्ट है। यह कदम तब उठाया गया है जब इबोला के पुष्ट मामले अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार कर कंपाला और किंशासा जैसे बड़े और घनी आबादी वाले शहरों तक पहुंच गए हैं।
प्रकोप इबोला वायरस के अपेक्षाकृत दुर्लभ बुंडिबुग्यो स्ट्रेन के कारण हो रहा है, जिसकी रोकथाम के लिए वर्तमान में कोई टीका या इलाज उपलब्ध नहीं है। हालांकि, हऌड ने स्थिति को असाधारण बताते हुए स्पष्ट किया कि यह प्रकोप फिलहाल महामारी के स्तर पर घोषित करने के मानदंडों को पूरा नहीं करता है।
80 लोगों की हो चुकी मौत
16 मई 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, स्वास्थ्य अधिकारियों ने कांगो के पूर्वोत्तर इटुरी प्रांत में इबोला के 246 संदिग्ध मामले, प्रयोगशाला द्वारा पुष्ट 8 संक्रमण और 80 संदिग्ध मौतों की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभावित क्षेत्रों में बूनिया, र्वाम्परा और मोंगब्वालु स्वास्थ्य क्षेत्र शामिल हैं।
डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी है कि संक्रमण की वास्तविक स्थिति इन आंकड़ों से कहीं अधिक गंभीर हो सकती है, क्योंकि जांचे गए नमूनों में पॉजिटिव होने की दर काफी अधिक है और संदिग्ध मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
विशिष्ट चिकित्सा उपाय उपलब्ध नहीं
इबोला का यह प्रकोप स्वास्थ्य विज्ञान के लिए भी एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। अमूमन फैलने वाले इबोला-जायरे स्ट्रेन के विपरीत, जिसके इलाज और रोकथाम के लिए प्रमाणित टीके और थेरेपी मौजूद हैं, बुंडिबुग्यो वायरस के खिलाफ कोई विशिष्ट चिकित्सा उपाय उपलब्ध नहीं है। किसी भी स्वीकृत टीके या दवा का न होना इस बीमारी को रोकने के प्रयासों को बेहद जटिल बना रहा है, और यही मुख्य वजह है कि हऌड को अपना सर्वोच्च वैश्विक अलर्ट जारी करना पड़ा।
सीमाओं को बंद न करने की सलाह
हालांकि, इसके डब्ल्यूएचओ ने सरकारों को सीमाओं को पूरी तरह बंद न करने या व्यापार पर प्रतिबंध न लगाने की सलाह दी है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि ऐसे सख्त प्रतिबंधों के कारण लोग अनौपचारिक और अवैध रास्तों से सीमा पार करने की कोशिश कर सकते हैं, जिससे वायरस की निगरानी करना और भी ज्यादा नामुमकिन हो जाएगा।
ये भी पढ़ें : West Bengal Elections-2026: घरों में झाड़ू-पोछा लगाने वाली कलिता बनी विधायक


