Himachal News: मनाली में कॉटेज में लगी भीषण आग, 11 पालतू बिल्लियों ने तड़पकर तोड़ा दम, लाखों का सामान स्वाहा

0
296

Himachal News: हिमाचल से अगलगी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मनाली के पास नसोगी गांव में एक तीन मंजिला रिहायशी कॉटेज में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से कॉटेज में रखा सामान और भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

30 लाख की संपत्ति का नुकसान

अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। वहीं, आग की चपेट में आने से कॉटेज में मौजूद 11 पालतू बिल्लियों की भी मौत हो गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजकर 17 मिनट पर अग्निशमन केंद्र मनाली को नसोगी गांव में मकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम महज एक मिनट के भीतर रात 12 बजकर 18 मिनट पर अग्निशमन वाहनों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

11 पालतू बिल्लियों की मौत

अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास स्थित तीन अन्य रिहायशी कॉटेज को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। इस अग्निकांड में जहां करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का आकलन किया गया है, वहीं 11 पालतू बिल्लियों की जान भी नहीं बचाई जा सकी।

कारणों का पता नहीं चला

फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और कारण अज्ञात बताया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की ओर से इस अभियान में कुल नौ कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें एक स्टेशन फायर ऑफिसर, दो लीडिंग फायरमैन, एक फायरमैन, तीन होमगार्ड फायरमैन तथा दो चालक शामिल थे।

  • TAGS
  • [post_tags]