पाक पीएम बोले- 6 मुस्लिम देशों को जेएफ 17 बेचने की बात चल रही, इसमें बांग्लादेश भी
Shahbaz Sharif, (आज समाज), इस्लामाबाद: भारत से संघर्ष के बाद पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों की डिमांड बढ़ गई है। यह दावा पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने किया है। रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक, उन्होंने बुधवार को कहा कि कई देश पाकिस्तानी फाइटर जेट्स खरीदने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किन फाइटर जेट्स की डिमांड बढ़ी है। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कई देश पाकिस्तान जेएफ-17 थंडर फाइटर जेट्स खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इनमें बांग्लादेश, सूडान, लीबिया, सऊदी अरब, इराक और इंडोनेशिया जैसे देश शामिल हैं।
इंडोनेशिया, बांग्लादेश और सऊदी अरब से डील कर रहा पाकिस्तान
रॉयटर्स के मुताबिक, इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री ने 12 जनवरी को पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख जहीर अहमद बाबर सिद्धू से मुलाकात की और करीब 40 जेएफ-17 खरीदने पर बात की। वहीं बांग्लादेश के अखबार डेली स्टार के मुताबिक, पाकिस्तान, बांग्लादेश को भी जेफ-17 फाइटर जेट बेचेगा। इसको लेकर दोनों देशों के वायुसेना प्रमुखों के बीच बातचीत हो चुकी है।
सऊदी अरब से मिले 2 अरब डॉलर के लोन के बदले सौदा कर रहा पाकिस्तान
इसी तरह रॉयटर्स की रिपोर्ट मे दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने 7 जनवरी को सऊदी अरब को जेफ-17 बेचने को लेकर बात की है। पाकिस्तान सऊदी अरब से मिले 2 अरब डॉलर के लोन के बदले यह सौदा कर रहा है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि पाकिस्तानी सेना ने अभी तक लीबिया या सऊदी अरब के साथ इस समझौतों को लेकर कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है। बांग्लादेश ने भी अभी तक पाकिस्तान के साथ किसी कॉन्ट्रैक्ट पर साइन नहीं किए हैं।
जेएफ-17 पाकिस्तान और चीन ने मिलकर किया तैयार, फाइटर जेट का इंजन रूस में बना
पाकिस्तान सरकार के मुताबिक, जेएफ-17 थंडर एक मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जिसे पाकिस्तान ने चीन के साथ मिलकर जून 2007 में तैयार किया था। इसका डिजाइन और टेक्नोलॉजी चीन की चेंगड़ू एयरक्राफ्ट कॉपोर्रेशन ने तैयार किया है और पाकिस्तान एयरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स ने इसकी फाइनल एसेंबलिंग की है। खास बात ये है कि इसका इंजन रूस में बना है।
मेंटेनेंस के लिए चीन पर निर्भर
ग्लोबल डिफेंस कॉर्प की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान का जेएफ-17 मेंटेनेंस और स्पेयर पार्ट्स के लिए चीन पर निर्भर है। वहीं रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते इसमें लगने वाले रूसी इंजन की सप्लाई पर भी असर पड़ा है। ये स्टेल्थ फाइटर नहीं है। यानी दुश्मन देश के रडार सिस्टम को चकमा नहीं दे पाता और निशाना बन जाता है।
ये भी पढ़ें: ईडी के काम में दखल न डालें ममता सरकार: सुप्रीम कोर्ट


