ब्रिटिश वेबसाइट ईरान इंटरनेशनल ने किया दावा, इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा हत्याकांड बताया
Iran Protest, (आज समाज), नई दिल्ली: ईरान में अब तक 12 हजार प्रदर्शनकारियों की हत्या होने का दावा किया जा रहा है। ये हत्याएं पिछले 17 दिनों में हुई हैं। यह दावा ईरान से जुड़े मामलों को कवर करने वाली ब्रिटिश वेबसाइट ईरान इंटरनेशनल ने किया है। वेबसाइट ने इसे ईरान के आधुनिक इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा हत्याकांड बताया है।
वहीं रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने ईरानी अधिकारियों के हवाले से मरने वालों की संख्या 2000 बताई है। वेबसाइट का कहना है कि यह जानकारी कई सोर्सज पर आधारित है। इस डेटा की कई लेवल पर जांच की गई और सख्त प्रोफेशनल स्टैंडर्ड के मुताबिक पुष्टि के बाद ही इसे जारी किया गया। ज्यादातर मारे गए लोग 30 साल से कम उम्र के थे। वहीं भारत दौरे पर आए जर्मनी के चांसलर फेडरिक मर्त्ज ने मंगलवार को कहा कि ईरान में सरकार का खेल खत्म हो चुका है।
सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के आदेश पर हई हत्याएं
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ज्यादातर हत्याएं रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और बसीज फोर्स ने गोली मारकर की है और ये सब सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के आदेश पर हुआ। दावा किया गया है कि अधिकतर हत्याएं 8 और 9 जनवरी की रात को हुई। सरकार इंटरनेट और कम्युनिकेशन को ठप कर अपने अपराध दुनिया से छुपा रही है।
ट्रम्प ने ईरान पर मिलिट्री एक्शन का प्लान होल्ड पर डाला
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ मिलिट्री कार्रवाई का प्लान फिलहाल होल्ड पर रख दिया है। हालांकि अमेरिकी सेना को तैयार रहने के लिए कहा गया है, ताकि आदेश मिलते ही तुरंत एक्शन लिया जा सके। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक ट्रम्प का कहना है कि ईरान के अधिकारी व्हाइट हाउस से बातचीत करना चाहते हैं।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ईरान की ओर से सार्वजनिक तौर पर जो बातें कही जा रही हैं, वे उन प्राइवेट मैसेजेस से अलग हैं जो अमेरिकी प्रशासन को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इन मैसेजेस को समझना चाहते हैं, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वे सैन्य कार्रवाई करने से नहीं हिचकिचाएंगे।
ट्रम्प ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का किया ऐलान
वहीं ट्रम्प ने ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। ट्रम्प ने सोमवार रात ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। हालांकि व्हाइट हाउस की तरफ से इस टैरिफ को लेकर आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया गया है। यह फैसला ऐसे वक्त में लिया गया है जब ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं।
ईरान की करेंसी रियाल की वैल्यू जीरो के बराबर पहुंची
दूसरी तरफ ईरान की करेंसी रियाल की वैल्यू अब लगभग जीरो के बराबर पहुंच चुकी है। भारतीय मुद्रा में 1 रियाल की कीमत सिर्फ 0.000079 रुपए रह गई है। ईरान पर अमेरिका पहले ही कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा चुका है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान से व्यापार करने वाले प्रमुख देशों में चीन, संयुक्त अरब अमीरात और भारत शामिल हैं। टैरिफ लागू होने पर इन देशों का अमेरिका के साथ व्यापार पर असर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: कुत्ते के काटने पर भारी मुआवजा तय होगा: सुप्रीम कोर्ट


