
जनरेशन बैन कानून दोनों सदनों में पास, 1 जनवरी 2027 से होगा लागू
Smoke Free Generation, (आज समाज) लंदन: ब्रिटेन ने दुनिया के सबसे सख्त धूम्रपान-रोधी कानूनों में से एक को हरी झंडी दे दी है। ब्रिटिश संसद द्वारा पारित टोबैको एंड वेप्स बिल के तहत अब देश में एक ऐसी पीढ़ी तैयार करने की योजना है, जो कभी सिगरेट को हाथ नहीं लगा पाएगी। इस ऐतिहासिक फैसले का उद्देश्य तंबाकू के जानलेवा चंगुल से युवाओं को बचाना और आने वाले समय में देश को पूरी तरह स्मोक-फ्री बनाना है।
किंग चार्ल्स की मंजूरी मिलना बाकी
संसद से बिल पास हो चुका है और अब सिर्फ किंग चार्ल्स तृतीय की औपचारिक मंजूरी बाकी है, जिसके बाद यह कानून बन जाएगा। यह पूरे ब्रिटेन यानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड में लागू होगा। नए कानून के तहत 2008 के बाद पैदा हुए लोग जिंदगी भर तंबाकू से जुड़ी चीजें नहीं खरीद पाएंगे। सरकार ने यह बिल 2024 में पेश किया था और इसे अपनी बड़ी प्राथमिकताओं में रखा था। नए नियम के अनुसार, 1 जनवरी 2027 से यह कानून लागू होगा।
हर साल 1 साल बढ़ती जाएगी तंबाकू खरीदने की न्यूनतम उम्र
1 जनवरी 2027 से तंबाकू खरीदने की न्यूनतम उम्र हर साल 1 साल बढ़ती जाएगी। यानी अगर 2027 में उम्र सीमा 18 साल है, तो 2028 में 19 साल, 2029 में 20 साल हो जाएगी। जो लोग 2009 या उसके बाद पैदा हुए हैं, वे कभी भी कानूनी तौर पर सिगरेट नहीं खरीद पाएंगे।
उम्र चेक करना दुकानदार की जिम्मेदारी
दुकानदारों को हर ग्राहक की उम्र चेक करना जरूरी होगा। कम उम्र वाले को सिगरेट बेचने पर जुर्माना लगेगा। तंबाकू बेचने वालों को रजिस्ट्रेशन करना होगा। वहीं विज्ञापन और प्रमोशन पर सख्त रोक रहेगी।
ई-सिगरेट पर भी सख्ती, स्कूल, अस्पताल और बच्चों के खेलने की जगहों पर स्मोकिंग नहीं कर सकेंगे
वेपिंग (ई-सिगरेट) पर भी सख्ती की गई है। स्कूल, अस्पताल और बच्चों के खेलने की जगहों पर स्मोकिंग पूरी तरह बंद होगी। कई इनडोर जगहों पर वेपिंग भी नहीं कर सकेंगे। अगर कोई 18 साल से कम उम्र के व्यक्ति के साथ कार में वेपिंग करता है, तो वह भी गैरकानूनी होगा।
आने वाले समय में स्मोक-फ्री जनरेशन तैयार होगी
ब्रिटेन के हेल्थ सेक्रेटरी वेस स्ट्रीटिंग ने कहा है कि यह पीढ़ी लत और नुकसान से बची हुई पहली स्मोक-फ्री जनरेशन होगी। उनका कहना है कि इलाज करने से बेहतर है पहले ही बीमारी को रोक दिया जाए। सरकार का कहना है कि इससे आने वाले समय में स्मोक-फ्री जनरेशन तैयार होगी और धूम्रपान से होने वाली बीमारियां और मौतें कम होंगी। हालांकि कुछ लोग और कारोबारी इसे बहुत सख्त बता रहे हैं और कह रहे हैं कि लोगों को जागरूक करना ज्यादा जरूरी है।
ब्रिटेन में हर साल तंबाकू से 76 हजार मौतें
ब्रिटिश सरकार ने यह सख्त कदम इसलिए उठाया है क्योंकि धूम्रपान वहां लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक यहां हर साल 76,000 से ज्यादा लोग सिगरेट से जुड़ी बीमारियों जैसे कैंसर, दिल की बीमारी और फेफड़ों की समस्या से जान गंवा देते हैं।

