Bangladesh Violence News: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप ले चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से बुलाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। इन घटनाओं के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, धमाकों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।
ढाका में कई जगह बम धमाके
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुरुवार तड़के कई स्थानों पर कच्चे बमों के धमाके हुए। इसके अलावा आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बावजूद उपद्रवियों ने कई इलाकों को निशाना बनाया। धमाकों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ाते हुए प्रमुख फ्लाईओवरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग
हिंसा के बीच चटगांव के पांचलाइश इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई, जहां अज्ञात लोगों ने मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। घर के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद एक खाली कमरे को आग के हवाले किया गया। घटना के समय उनके रिश्तेदार घर की ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे और सुरक्षित रहे। यूनुस के संस्थापक रहे ग्रामीण बैंक की शाखाओं को भी निशाना बनाया गया है। 10 नवंबर से अब तक उसकी कम से कम 37 शाखाओं और कार्यालयों में आगजनी की कोशिश की गई है।
पुलिस ने 565 लोगों को किया अरेस्ट
हिंसा और संभावित अशांति को देखते हुए बांग्लादेश पुलिस ने राजधानी ढाका में बड़े स्तर पर अभियान चलाया। लॉकडाउन से पहले 24 घंटे के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं, जिन्हें बुधवार आधी रात के आसपास उनके आवास से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 71 लोगों को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है। संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों की तैनाती की गई है।
हसीना की वापसी को लेकर बढ़ा तनाव
बांग्लादेश में मौजूदा हिंसा के पीछे शेख हसीना की वापसी और उनकी पार्टी अवामी लीग से जुड़ा राजनीतिक विवाद भी अहम वजह माना जा रहा है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद हसीना की सरकार सत्ता से हट गई थी। इसके बाद मुहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी सरकार ने अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। हसीना को पिछले साल मौत की सजा सुनाई गई थी। इस फैसले की पहली बरसी के मौके पर अवामी लीग ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन और लॉकडाउन का आह्वान किया। पार्टी की मांगों में हसीना की वापसी और राजनीतिक प्रतिबंध हटाना भी शामिल है। हसीना अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं और उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।


