Washington Post: अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, शशि थरूर के बेटे की नौकरी भी गई

0
342
Washington Post: अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, शशि थरूर के बेटे की नौकरी भी गई
Washington Post: अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, शशि थरूर के बेटे की नौकरी भी गई

ईशान थरूर ने एक्स पर पोस्ट डाल दी जानकारी, कहा- वॉशिंगटन पोस्ट ने इंटरनेशनल टीम के कई शानदार पत्रकारों के साथ उन्हें भी नौकरी से निकाल दिया है, यह न्यूज रूम के लिए बेहद दुखद दिन
Washington Post, (आज समाज), नई दिल्ली: घाटे में चल रहे अमेरिका के मशहूर अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने 300 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। यह छंटनी घाटे से उभरने के लिए की गई है। इस छंटनी में कांग्रेस शशि थरूर के बेटे का नाम भी शामिल है। शशि थरूर के बेटे ईशान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि वॉशिंगटन पोस्ट ने इंटरनेशनल टीम के कई शानदार पत्रकारों के साथ उन्हें भी नौकरी से निकाल दिया है। यह न्यूज रूम के लिए बेहद दुखद दिन है।

पिछले कई सालों से घाटे में चल रही थी कंपनी

एग्जीक्यूटिव एडिटर मैट मरे ने बताया कि जेफ बेजोस की कंपनी पिछले कई सालों से घाटे में चल रही थी। इस छंटनी में स्पोर्ट्स सेक्शन पूरी तरह बंद कर दिया गया है, हालांकि कुछ रिपोर्टर फीचर्स डिपार्टमेंट में शिफ्ट होकर स्पोर्ट्स की कल्चर कवरेज जारी रखेंगे। लोकल न्यूज सेक्शन छोटा हो जाएगा, बुक्स सेक्शन बंद हो जाएगा और डेली न्यूज पॉडकास्ट पोस्ट रिपोर्ट्स भी खत्म हो जाएगा। वॉशिंगटन पोस्ट ने मिडिल ईस्ट, इंडिया और आॅस्ट्रेलिया से भी रिपोर्टर और एडिटर निकाल दिए हैं।

अखबार पाठकों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा

एग्जीक्यूटिव एडिटर मैट मरे ने कर्मचारियों से कहा कि अखबार पाठकों की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा है। मरे ने कहा कि यह फैसला दर्दनाक, लेकिन जरूरी है। अखबार को बदलती तकनीक और पाठकों की आदतों के अनुसार खुद को ढालना होगा।

अखबार का फोकस मुख्य रूप से राष्ट्रीय खबरों, राजनीति, बिजनेस और स्वास्थ्य पर ज्यादा होगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में कवरेज काफी कम हो जाएगी। जिन कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है, वे 10 अप्रैल तक कंपनी में बने रहेंगे, हालांकि उनसे काम करने की अपेक्षा नहीं की जाएगी। उन्हें छह महीने तक स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलता रहेगा।

मिडिल ईस्ट की रिपोर्टिंग टीम को निकालना समझ से बाहर

काहिरा (मिस्र) ब्यूरो चीफ क्लेयर पार्कर ने एक्स पर लिखा कि पूरी मिडिल ईस्ट रिपोर्टिंग टीम को निकाल दिया गया है, जिसे समझना मुश्किल है। यूक्रेन से युद्ध क्षेत्र में रिपोर्टिंग करने वाली लिजी जॉनसन को भी निकाल दिया गया है। एक स्पोर्ट्स रिपोर्टर को इटली में विंटर ओलंपिक्स कवर करने के दौरान छंटनी की सूचना मिली, लेकिन उन्होंने कहा कि वे स्टोरी फाइल करते रहेंगे।

कर्मचारियों को कंपनी की एक मीटिंग के बाद ईमेल के जरिए छंटनी की जानकारी दी गई। पूर्व कार्यकारी संपादक मार्टिन बैरन ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे अखबार की ब्रांड वैल्यू को खुद ही नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया।

पिछले दो सालों में हुआ 177 मिलियन डॉलर का नुकसान

वॉशिंगटन पोस्ट को पिछले कुछ सालों से भारी घाटा हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2023 में अखबार को 77 मिलियन डॉलर (लगभग 650 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ, जबकि 2024 में यह घाटा 100 मिलियन डॉलर (लगभग 840 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया। पिछले दो सालों में कुल मिलाकर 177 मिलियन डॉलर (लगभग 1,500 करोड़ रुपये) का घाटा बताया गया है।

  • TAGS
  • [post_tags]