अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दी चेतावनी, कहा प्रदर्शनकारियों की हत्या हुई तो फिर हमला करेंगे
Iran Gen Z Protest, (आज समाज), नई दिल्ली: ईरान में महंगाई और सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन हिंसक रूप लेते जा रहे है। इन प्रदर्शनों में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदर्शन ईरान के पवित्र शहर कोम तक फैल गए हैं। कोम शिया धर्मगुरुओं का एक प्रमुख गढ़ है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने राजशाही के समर्थन में नारे लगाए।
ईरान में प्रदर्शन की शुरूआत 28 दिसंबर को हुई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़प भी हुई। इसमें 1 जनवरी को 5 लोगों की मौत हुई। इससे पहले 31 दिसंबर को भी एक शख्स की प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी में मौत हो गई थी। प्रदर्शन में अब तक 6 आम लोगों और 1 सिक्योरिटी फोर्स की मौत हो चुकी है।
प्रदर्शनकारियों की मदद के लिए आगे आएगा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को ईरान को चेतावनी दी। ट्रम्प ने कहा कि अगर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की हत्या की गई तो अमेरिका कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प ने लिखा, अगर ईरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाता है या उन्हें बेरहमी से मारता है, तो अमेरिका उनकी मदद के लिए आगे आएगा।
हम पूरी तरह से तैयार हैं। इससे पहले अमेरिका, ईरान के सैन्य ठिकानों और परमाणु सुविधाओं पर हमलें कर चुका है। जून 2025 में ईरान-इजराइल के बीच 12 दिनों तक युद्ध हुआ था, जिसमें अमेरिका भी शामिल हो गया था।
महंगाई बढ़ने से लोगों में नाराजगी बढ़ी, 72 फीसदी तक बढ़े खाद्य वस्तुओं के दाम
देशभर में Gen-Z आक्रोश में है। इसका कारण आर्थिक बदहाली रहा है। दिसंबर 2025 में ईरानी मुद्रा रियाल गिरकर करीब 1.45 मिलियन प्रति अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। साल की शुरूआत से रियाल की कीमत लगभग आधी हो चुकी है।
यहां महंगाई चरम पर पहुंच गई है। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 72% और दवाओं की कीमतों में 50% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा सरकार द्वारा 2026 के बजट में 62% टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव ने आम लोगों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है।
राष्ट्रपति मसूद बोले- विदेशी ताकतें देश में फूट डाल रही, देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने हालात संभालने के लिए मोर्चा संभाला है। उन्होंने इन प्रदर्शनों के लिए विदेशी हस्तक्षेप को जिम्मेदार ठहराया और देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतें देश में फूट डालकर अपना फायदा निकालना चाहती हैं।
इस्लामिक क्रांति के बाद खुमैनी ने ईरान में मौलाना शासन की नींव रखी
ईरान में 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद अयातुल्ला रूहोल्लाह खुमैनी सत्ता में आए। वे 1979 से 1989 तक 10 साल सुप्रीम लीडर रहे। उनके बाद सुप्रीम लीडर बने अयातुल्ला अली खामेनेई 1989 से अब तक 37 साल से सत्ता में हैं।
क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी को सत्ता सौंपने की मांग
आर्थिक बदहाली और सख्त धार्मिक शासन से नाराज लोग अब बदलाव चाहते हैं। इसी कारण 65 वर्षीय क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी को सत्ता सौंपने की मांग उठ रही है। प्रदर्शनकारी उन्हें एक धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक विकल्प मानते हैं।
युवाओं और जेन जी को लगता है कि पहलवी की वापसी से ईरान को आर्थिक स्थिरता, वैश्विक स्वीकार्यता और व्यक्तिगत आजादी मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: चीन-ताइवान का एक होना तय: जिनपिंग, अमेरिका का जवाब, ताकत से हालात बदलने की कोशिश न करे बीजिंग


