Weather Update Today : अगले दो दिन मौसम रहेगा परिवर्तनशील

0
75
Weather Update Today : अगले दो दिन मौसम रहेगा परिवर्तनशील
Weather Update Today : अगले दो दिन मौसम रहेगा परिवर्तनशील

कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश, बिजली गिरने की संभावना

Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : नवंबर जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे सर्दी भी बढ़नी शुरू हो गई है। पहाड़ी राज्यों में हुई ताजा बर्फबारी से वहां से गुजरकर आने वाली हवाएं मैदानी राज्यों में सर्दी को बढ़ा रहीं हैं। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और नवंबर मध्य तक ठीकठाक सर्दी शुरू हो जाएगी।

वहीं मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 36 घंटे देश के कई हिस्सों में मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहेंगे। उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बादलों की गरज, बिजली गिरने और झमाझम बारिश का पूवार्नुमान जारी किया गया है। 7 से 8 नवंबर के दौरान तमिलनाडु में और 8 से 10 नवंबर के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

हिमाचल में मानइनस में पहुंचा तापमान

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। केलोंग में माइनस 3.2 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 2.1 डिग्री और किनौर के कल्पा में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कल्पा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे आस-पास के इलाकों में ठंड बढ़ गई।

कश्मीर में भी न्यूनतम पारा शून्य से नीचे पहुंचा

जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। सोनमर्ग और गुलमर्ग समेत अन्य ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों में अच्छी-खासी बर्फ जमी है। गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम है। पहलगाम में दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री कम 13 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान में कमी

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय इलाकों में हाल में हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

वहीं, पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उत्तराखंड के चमोली, बदरीनाथ, केदारनाथ और औली क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। इन पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ी है।

ये भी पढ़ें : Business News Hindi : सरकारी बैंकों के एकीकरण का कार्य चल रहा : वित्त मंत्री