रात के साथ अब दिन भी होंगे ठंडे, अधिकतम तापमान में दर्ज की गई 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड में इजाफा होता जा रहा है। रात के साथ अब दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं मौसम विभाग ने आज से प्रदेश में शीत लहर चलने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे की स्थिति बन सकती है।
हिसार रहा सबसे ठंडा, 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान
राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है और हिसार में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। 1 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं और शीत लहर चलने की संभावना जताई गई है। तीन दिनों में तापमान गिर कर 5 डिग्री तक आ सकता है।
कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना
हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 3 दिसंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। 1 दिसंबर से रात्रि तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान वातावरण में नमी होने से उत्तर व पश्चिमी हरियाणा में अलसुबह हल्की धुंध परंतु दक्षिणी हरियाणा में हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना है।
उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलेंगी
इस दौरान हवाओं में हल्का बदलाव रहने तथा 1 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। जिससे सुबह व शाम को ठंड बने रहने तथा दिन में धूप खिले रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।


