Haryana Weather Update: हरियाणा में आज भी हो रही बारिश

0
339
Haryana Weather Update: हरियाणा में आज भी हो रही बारिश
Haryana Weather Update: हरियाणा में आज भी हो रही बारिश

बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के अधिकतर जिलों में आज भी बारिश हो रही है। बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 1 मार्च तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान बारिश व कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। गत दिवस भी हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई थी। नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने पर आज भी बारिश की संभावना बनी हुई है। आज करनाल, यमुनानगर, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में बारिश हुई हो रही है। पानीपत में सुबह से बूंदाबांदी जारी है।

इसके अलावा जींद और हिसार में सुबह 5 बजे से बारिश हो रही है। साथ ही तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ रही है। साथ ही सोनीपत में मध्यम बारिश हुई है। वहीं, पंचकूला में रातभर बारिश हुई है, और अभी बादल छाए हुए हैं। फतेहाबाद में भी आज बारिश हुई है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने बताया है कि जो बूंदाबांदी हुई है, यह फसलों के लिए फायदेमंद है। 1 मार्च तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसलिए, किसानों को अभी फसल में पानी नहीं लगाना चाहिए।

करनाल, कुरुक्षेत्र और रोहतक 20 डिग्री से नीचे आया तापमान

बारिश होने से हरियाणा के अधिकतम तापमान में -7.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से -3.6 डिग्री कम है। वहीं, फरीदाबाद में सबसे ज्यादा 26.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा करनाल, कुरुक्षेत्र और रोहतक में तापमान 20 डिग्री से नीचे आ गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बारिश का क्रम अभी 1 मार्च तक बना रहेगा। हरियाणा के उत्तरी व पूर्व इलाकों में बारिश और बाकी हरियाणा में तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है।