Weather January 8 Update: सर्दी का सितम जारी, फिलहाल नहीं राहत के आसार, कई जगह तापमान सामान्य से नीचे पहुंचा

0
314
Weather January 8 Update
कड़ाके की ठंड व बर्फ के बीच पर्यटन नगरी मनाली में मौज मस्ती करते पर्यटक।

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली,(Weather January 8 Update): उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है और आज भी सुबह से ही क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिन उत्तर भारत में ऐसा ही मौसम रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में सर्दी और बढ़ने का अनुमान है। देश के कई राज्यो में कल को न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।

दिल्ली में कुछ दिन 10 डिग्री से नीचे बना रहेगा तापमान

आईएमडी अधिकारियों के अनुसार अगले कुछ दिन तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा। वहीं यहां अधिकतम तापमान 17-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। घने कोहरे व ठंड के कारण दिल्ली में कई उड़ानें भी लेट हो रही हैं। हवाई अड्डे पर मौजूद यात्रियों के अनुसार कड़ाके की ठंड के बीच यहां पर विजिबिलिटी बहुत कम है, जिस वजह से उनकी फ्लाइट में देरी हो रही है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों और राजस्थान में चुरू समेत उत्तर भारत में कई जगह तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

मंगलवार से ठंड से थोड़ी राहत के आसार

आईएमडी के अधिकारियों का कहना है कि उत्तर भारत में आज दिन में मौसम साफ होने का अनुमान है। सुबह शीत लहर चलेगी व बहुत घना कोहरे की संभावना जताई गई थी। इसको लेकर मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया था। कल भी ठिठुरन रहेगी। मंगलवार से ठंड से थोड़ी राहत के आसार हैं। घने कोहरे के कारण सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली में पालम एयरपोर्ट के पास विजिबिलिटी महज 25 मीटर व सफदरजंग के पास विजिबिलिटी 200 मीटर थी।

जम्मू-कश्मीर में भी शीतलहर जारी, 13 तक हिमपात के आसार

जम्मू-कश्मीर में भी शीतलहर जारी है। न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है, लेकिन इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते आज से हिमपात के आसार हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.4 डिग्री रहा। इससे पहले की रात यह 5.5 डिग्री था। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। यह 13 जनवरी तक जारी रहने का अनुमान है।

हिमाचल शिंकुला, बारालाचा व अन्य चोटियों पर पड़ी बर्फ

हिमाचल प्रदेश में कल दोपहर बाद शिंकुला, बारालाचा सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ। जबकि राज्य के अन्य ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहे। बिहार में उत्तर पछुआ हवा के प्रवाह के साथ निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रहेगी।

उत्तराखंड में भी  आज से करवट लेगा मौसम

उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि उत्तराखंड का मौसम भी आज से करवट लेगा। इसके अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा एवं हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। कल केदारनाथ धाम का तापमान माइनस दो डिग्री रिकार्ड किया गया।

यह भी पढ़ें –Himachal Cabinet Expansion: हिमाचल कैबिनेट का विस्तार, सुक्खू सरकार में सात विधायक बने मंत्री

यह भी पढ़ें –Joshimath Sinking News: उत्तराखंड के जोशीमठ में धंस रही जमीन व इमारतों में आ रही दरारें बनी चिंता का विषय

Connect With Us: Twitter Facebook 

 

SHARE