Vote Adhikar Yatra : हम बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे : राहुल गांधी

0
82
Vote Adhikar Yatra : हम बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे : राहुल गांधी
Vote Adhikar Yatra : हम बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे : राहुल गांधी

कहा, यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई

Vote Adhikar Yatra (आज समाज), पटना : कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से एनडीए और भाजपा पर लोगों की वोट हथियाने और जाली वोट के सहारे चुनाव जीतने का आरोप लगाया है। दरअसल पिछले दिनों बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के खिलाफ सासाराम से शुरू हुई पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कही। ज्ञात रहे कि आने वाले कुछ दिनों तक राहुल गांधी बिहार में वोट अधिकार यात्रा के नाम से पैदल चलेंगे।

यह यात्रा बिहार में 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा की शुरुआत रविवार को सासाराम से शुरू हुई। यहां के सुआरा हवाई अड्डा ग्राउंड में हुई जनसभा में राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा की यह देश का संविधान व लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है जिसे हम सफलता पूर्वक लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे।

राहुल ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी ने कहा कि जहां भी चुनाव होता है, ये जीतते हैं। महाराष्ट्र में ओपिनियन पोल कह रहे थे, महागठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन 4 महीने में उसी क्षेत्र में हम हारते हैं। हमने पता लगवाया तो पता चला 1 करोड़ नए वोटर जादू से पैदा हो गए।’ राहुल गांधी ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं ने मन बना लिया है कि बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे।

जीवित लोगों को मरा बताकर वोटर लिस्ट से नाम काटा

इस दौरान राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि क्या आपने मेरा वीडियो देखा जहां मैं मरे लोगों के साथ चाय पी रहा हूं? चुनाव आयोग ने उन लोगों को मार डाला, जो जीवित हैं। उनका नाम हटा दिया गया। मैंने उनसे पूछा कि उनका नाम क्यों हटाया गया? उन्होंने कहा कि ऊपर से आदेश आया था। नरेंद्र मोदी का आदेश, चुनाव आयोग का आदेश और वे बिहार में लाखों लोगों के वोट काट रहे हैं। उन्होंने 65 लाख लोगों के वोट हटा दिए हैं। क्यों? अडानी और अंबानी की मदद करने के लिए, ताकि वे आपका सारा पैसा चुरा लें। गरीबों के हाथ में आखिरी चीज वोट बची है, वे उसे भी छीनने की कोशिश कर रहे हैं।

इस तरह होगा यात्रा का रूट

यात्रा का पहला चरण सासाराम से औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, जमुई होते हुए लखीसराय और मुंगेर तक पहुंचेगा। इसके बाद यह भागलपुर से कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी और दरभंगा होते हुए उत्तर बिहार के जिलों से गुजरेगी। अंतिम चरण में यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा होते हुए पटना में विशाल रैली के साथ खत्म होगी।

ये भी पढ़ें : Vice President Election : भाजपा सचिव से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार तक सीपी राधाकृष्णन का सफर