Delhi News Update : दिल्ली को पूरी तरह से कचरा मुक्त बनाएंगे : रेखा गुप्ता

0
92
Delhi News Update : दिल्ली को पूरी तरह से कचरा मुक्त बनाएंगे : रेखा गुप्ता
Delhi News Update : दिल्ली को पूरी तरह से कचरा मुक्त बनाएंगे : रेखा गुप्ता

दिल्ली सीएम ने दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान की शुरुआत की

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को पूरी तरह से स्वच्छ और साफ बनाने के लिए एक माह तक अभियान चलाने का संकल्प दिल्ली सरकार द्वारा लिया गया है। सरकार ने अपने इस अभियान को दिल्ली को कूड़े से आजादी का नाम दिया है। सरकार के इस अभियान से सामाजिक संस्थाएं, राजनीतिक पार्टियां और दिल्ली की आम जनता को जुड़ने की अपील की गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को खुद झाड़ू लगाकर इस अभियान की शुरुआत की

दिल्ली को साफ बनाने में जन भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री का कहना है कि स्वच्छता अभियान तब सफल होता है, जब हम खुद पहल करें। आज दिल्ली को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को दिल्ली में नई गति देने वाला जनांदोलन है। रेखा गुप्ता ने दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान की शुरूआत कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय परिसर से की। मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर संदेश दिया कि ऐसे अभियानों में सभी का जुड़ना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज से शुरू हुए अभियान के अंतर्गत पहला दिन सभी सरकारी कार्यालयों की सफाई को समर्पित किया गया है।

कूड़े-कचरे का प्रभावी तरीके से निस्तारण जरूरी

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभावी सफाई व स्वच्छता के लिए ई-वेस्ट और कबाड़ के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम केवल सफाई तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थलों में भी इसे प्रभावी रूप से अपनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का हर विभाग इस विशेष स्वच्छता अभियान में पूरी शक्ति और प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। राजधानी का हर विधायक, हर पार्षद और हर सरकारी कर्मचारी इस परिवर्तन का जिम्मेदार भागीदार है।