UNESCO On Deepavali, (आज समाज), नई दिल्ली : भारत में सबसे ज्यादा मनाया जाने वाला हिंदू त्योहार दीपावली संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की अमूर्त विश्व धरोहर की सूची में शामिल हो गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूनेस्को ने आज बुधवार को इसकी घोषणा की और सोशल मीडिया के जरिये इसके लिए भारत को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फैसले पर खुशी जताई है। बता दें कि अंधकार पर प्रकाश की विजय के पर्व दीपावली पर 19 अक्टूबर को इस बार राम नगरी अयोध्या में सरयू स्थित राम की पौड़ी पर 26.17 लाख दीये जलाए गए थे।
दीपावली हमारी सत्यता की आत्मा : प्रधानमंत्री
जानकारी के अनुसार दीपावली को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल करने का निर्णय लाल किले में आयोजित यूनेस्को की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान लिया गया। कोलकाता की दुर्गा पूजा, योग, रामलीला, गुजरात का गरबा नृत्य और कुंभ मेला सहित भारत की 15 सांस्कृतिक विरासतें पहले ही इस सूची में पहले ही शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, दीपावली हमारी सत्यता की आत्मा है और देश के अलावा विदेश में भी भारत का हर नागरिक यूनेस्को के इस फैसले से उत्साहित है।
भारत पहली बार कर रहा अंतर-सरकारी समिति के सत्र की मेजबानी
गौरतलब है कि भारत अबकी पहली बार, अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर (आईसीएच) की सुरक्षा के लिए काम करने वाली अंतर-सरकारी समिति के 20वें सत्र की मेजबानी कर रहा है। समिति का सेशन आठ दिसंबर से 13 दिसंबर तक दिल्ली स्थित लाल किले में आयोजित किया जा रहा है। यूनेस्को ने जब दीपावली को यूनेस्को के त्योहारों की लिस्ट में शामिल करने का ऐलान किया, उस समय वहां मौजूद लोग ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने लगे।
अनंत काल तक मार्गदर्शन करते रहें प्रभु श्री राम के आदर्श : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, दीपावली को अमूर्त विश्व धरोहर की सूची में शामिल करने के यूनेस्को के फैसले से देश और दुनिया में भारतीय उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, दीपोत्सव हमारी सभ्यता की आत्मा है और यह पर्व हमारे लिए हमारी संस्कृति व लोकाचार से बहुत गहराई से जुड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा, दीपावली का त्योहार धार्मिकता और प्रकाश का भी प्रतीक है। यूनेस्को की लिस्ट में इसको शामिल होने से इस पर्व की वैश्विक लोकप्रियता और भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा, प्रभु श्री राम के आदर्श अनंत काल तक हमारा मार्गदर्शन करते रहें।
ये भी पढ़ें : UNESCO: नाट्यशास्त्र और श्रीमद्भगवद्गीता युनेस्को के ‘मेमोरी आफ द वर्ल्ड’ रजिस्टर में शामिल, पीएम मोदी ने जताई खुशी


