Amritsar Crime News : अमृतसर से तीन पाकिस्तानी जासूस काबू

0
46
Amritsar Crime News : अमृतसर से तीन पाकिस्तानी जासूस काबू
Amritsar Crime News : अमृतसर से तीन पाकिस्तानी जासूस काबू

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए कर रहे थे काम

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले तीन भारतीय जासूसों को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। दरअसल यह गिरफ्तारी हरियाणा के मेवात क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए वकील रिजवान की गिरफ्तारी के आधार पर हुई है। पकड़े गए तीनों आरोपी उक्त वकील जोकि पाकिस्तानी आतंकी संगठन के लिए काम कर रहा था के सहयोगी हैं।

ज्ञात रहे कि इससे पहले रिजवान के संपर्क में जालंधर निवासी अजय अरोड़ा की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। जोकि वर्तमान में पुलिस रिमांड पर है। बताया गया है कि पकड़े गए तीनों आरोपियों के बारे में जानकारी रिमांड के दौरान रिजवान और अजय अरोड़ा ने ही पुलिस का मुहैया की है।

हवाला के जरिये रिजवान तक पहुंचाए करोड़ों रुपए

पहले चरण में गिरफ्तार रिजवान गांव खरखड़ी, तावडू और अजय अरोड़ा की आठ दिन की रिमांड 4 दिसंबर को समाप्त हो रही है। नए तीनों आरोपियों पर हवाला के जरिए रिजवान तक पाकिस्तानी हैंडलरों से करोड़ों रुपए की राशि पहुंचाने और पंजाब में देशविरोधी गतिविधियों को फंडिंग करने का गंभीर आरोप है। अभी तक इन तीनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिजवान के पंजाब नेशनल बैंक खाते में पाकिस्तानी हैंडलरों से करोड़ों रुपये की हवाला राशि आई थी, जिसका बड़ा हिस्सा पंजाब में आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल होना था। रिजवान बार-बार पंजाब के विभिन्न शहरों का दौरा करता था। जांच में सामने आया है कि रिजवान ने करीब 30-35 लाख रुपए अजय अरोड़ा को दिए थे, जिसे अरोड़ा ने विदेश में रह रहे एक व्यवसायी तक पहुंचाया।

बीते बुधवार को पुलिस ने रिजवान को किया था गिरफ्तार

गत बुधवार को नूंह पुलिस ने रिजवान को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पंजाब पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने जालंधर से अजय अरोड़ा को पकड़ा। दोनों के मोबाइल व लैपटॉप की फॉरेंसिक जांच जारी है, जिसमें कई संदिग्ध चैट्स और पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े डॉक्यूमेंट मिले हैं। मामले में अब तक कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस को अभी 33-34 लाख रुपये और बरामद करने हैं।

अल-फल्लाह यूनिवर्सिटी टेररिस्ट मॉड्यूल से जुड़े हैं सभी

ज्ञात रहे कि फरीदाबाद की अल-फल्लाह यूनिवर्सिटी में व्हाइट कॉलर टेरिस्ट मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने के बाद जानकारी में बहुत बड़े खुलासे हो रहे हैं। इस मॉड्यूल की जड़े देश के कई राज्यों तक फैली हुई हैं। तावडू से पकड़ा गया वकील रिजवान, जालंधर से पकड़ा गया अरोड़ा ये सभी उसी मॉड्यूल के साथ किसी न किसी रूप में जुड़े हुए थे। इसके साथ ही पुलिस टीमें उत्तराखंड में भी दबिश दे रहीं हैं। आने वाले दिनों में इस केस में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : Chhattisgarh Breaking News : छत्तीसगढ़ में 65 लाख के इनामी 37 नक्सलियों ने किया सरेंडर