Punjab Flood News : हिमाचल में हुई बारिश बनी पंजाब के लिए आफत

0
89
Punjab Flood News : हिमाचल में हुई बारिश बनी पंजाब के लिए आफत
Punjab Flood News : हिमाचल में हुई बारिश बनी पंजाब के लिए आफत

भाखड़ा बांध से आए पानी से प्रदेश के सात जिलों में बाढ़ की स्थिति, करीब एक लाख एकड़ फसल प्रभावित

Punjab Flood News (आज समाज), चंडीगढ़ : पहाड़ी राज्यों विशेषकर हिमाचल में हो रही मुसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाएं एक बार फिर से पंजाब के किसानों के लिए अभिशाप साबित हो रही हैं। शुक्रवार को भाखड़ा डैम की गोबिंद सागर झील में शुक्रवार को 49594 क्यूसेक पानी की आमद हुई जिससे डैम का जलस्तर 1666.43 फीट पहुंच गया। इसके बाद डैम प्रबंधन ने बांध से पानी छोड़ते हुए डैम के चारों फल्ड गेट खोल दिए।

इससे राज्य के सात जिले कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर इस वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन जिलों में करीब 150 गांव और 90 हजार एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि पानी में डूब गई है। डैम से शुक्रवार को करीब 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसमें टर्बाइनों के माध्यम से 36 हजार क्यूसेक और फ्लड गेट से सात हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस वजह से सहायक नदियों रावी-ब्यास के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अब तीन दिन तेज बारिश की चेतावनी

एक तरफ पंजाब बाढ़ के कहर से जूझ रहा है वहीं भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने पंजाब के 10 जिलों में आज तेज हवाओं के साथ भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिले शामिल हैं। बाकी जिलों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

किसानों के नुकसान की भरपाई की जाएगी : मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कपूरथला जिले में बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया और लोगों को आश्वासन दिया कि उनके नुकसान की पाई-पाई का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। सतलुज नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी होने के कारण मोगा जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। धर्मकोट के संघेड़ा, कंबो खुर्द, सेरेवाला गांव की हालत टापू की तरह हो गई है। गांवों के चारों तरफ पानी भरा हुआ है और लोगों को घर तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। सामान व पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें घरों की छतों और नदी के बांध पर पहुंचा रहे हैं, ताकि पानी का स्तर और बढ़ने पर ज्यादा नुकसान से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : होशियारपुर में एलपीजी से भरे टैंकर में ब्लास्ट, दो की मौत