पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद बरसने लगी आसमान से आग
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पिछले दिनों प्रदेश में लगातार बारिश और आंधी का जो दौर शुरू हुआ था वह अब समाप्त हो चुका है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार अब प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है। जिसके चलते आसमान साफ रहेगा और गर्मी का प्रकोप फिर से शुरू होगा। मौसम विभाग द्वारा जो संभावना व्यक्त की गई है उसके अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में पांच डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं मानसून के इस माह के अंत तक प्रदेश में पहुंचने की उम्मीद है। इस कारण आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से दो चार होना पड़ेगा।
एक दिन में 1.5 डिग्री बढ़ा तापमान
24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, इसके बावजूद राज्य का तापमान सामान्य से अब भी 3.3 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री लुधियाना जिले के समराला में दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर, पटियाला और बठिंडा जैसे शहरों में तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच रहा। बठिंडा पर अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री नीचे था। रोपड़ में तापमान 35.3 डिग्री रहा। जबकि गुरदासपुर और मोगा में यह 36 डिग्री के आसपास रहा।
तापमान में 3 से 5 डिग्री तक चढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में हल्की वृद्धि जरूर हुई है। लेकिन मानसून पूर्व परिस्थितियों के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में मानसून समय पर या थोड़ी जल्दी दस्तक दे सकता है।
धान के लिए जरूरी है सामान्य बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष देश में समय से करीब एक सप्ताह पहले ही मानसून की एंट्री हो चुकी है। यही नहीं यदि मौसम की गतिविधियां सामान्य रहती हैं तो देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यदि ऐसा रहता है तो धान के सीजन में पंजाब के किसानों को भूमिगत जल पर कम से कम निर्भर रहना पड़ेगा। सामान्य बारिश से जहां फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी वहीं भूमिगत जल का लेवल भी बढ़ेगा जोकि सभी के लिए अच्छा रहेगा।
ये भी पढ़ें : Punjab News : प्रदेश को बाढ़ मुक्त करना जरूरी : मान