Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क)गाजियाबाद । गाजियाबाद में दो सड़क हादसे, एक की मौत, 21 घायल गाजियाबाद। सोमवार तड़के शहर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पहला हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे एनएच-9 पर बागू स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ। हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक मालवाहक टेंपो आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गया। हादसे में टेंपो चालक नोएडा सेक्टर-110 निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में टेंपो सवार 13 लोग घायल हुए हैं।
इनमें राजेश की पत्नी मंजू देवी, बेटा रितेश, अमन, बेटी रोशनी, शबनम, करन, रीना, नेहा, प्रियंका, संगीता, हर्ष, प्रिंस और रजनीश शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल संगीता को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरा हादसा सुबह करीब पौने चार बजे जीटी रोड स्थित नया बस अड्डा फ्लाईओवर पर हुआ। ऋषिकेश से दिल्ली के कश्मीरी गेट जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस एक ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। बस हादसे में रीना, पिंकी, अनु, ओमवती, कुसुम, मुकेश, राजेश शर्मा और विष्णु सिंह घायल हो गए।
दोनों हादसों के बाद मेरठ रोड पर यातायात रहा प्रभावित
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों हादसों के बाद मेरठ रोड पर यातायात प्रभावित रहा। सुबह के समय वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण बस हटाए जाने तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि दोनों हादसों में घायलों का उपचार कराया गया है। रोडवेज बस हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।


