Student commits suicide in Ghaziabad(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय छात्र के द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार गुरुवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक छात्र ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर युवक फंदे से लटका मिला। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमन पुत्र धर्मेंद्र, निवासी जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह पंजाब में पढ़ाई करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसके गांव के पास रहने वाली एक युवती गाजियाबाद क्षेत्र में पढ़ाई कर रही थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। गुरुवार को दोनों के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद युवक ने कथित रूप से यह कदम उठा लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े:- Youth stabbed to death in Loni : लोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


