Polio virus(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। जिले में पोलियो वायरस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में राज्य स्तरीय अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सचिन चंद्र वैश्य के साथ समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों में छह हजार से अधिक घरों में सर्वेक्षण किया गया है, जिसमें पांच वर्ष तक के करीब 1,500 बच्चों की जांच की गई।बैठक में संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील तालियान, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के नियमित टीकाकरण की स्थिति का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है।स्वास्थ्य विभाग की 107 टीमें जिले के 12 चिन्हित क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जांच कर रही हैं। टीमें प्रत्येक बच्चे के पोलियो टीकाकरण और पोलियो की खुराक लेने अथवा न लेने संबंधी विवरण एकत्र कर रही हैं।विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में कुल करीब डेढ़ लाख बच्चों का सर्वे किया जाना है।
इसके अलावा दूसरे जिलों और राज्यों से आने-जाने वाले बच्चों का भी रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग को आशंका है कि नियमित टीकाकरण में किसी स्तर पर हुई लापरवाही के कारण वायरस की मौजूदगी सामने आई हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बृहस्पतिवार को मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों का विशेष रूप से डाटा एकत्र किया गया। अधिकारियों का कहना है कि सर्वे और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


