UP News: कानपुर के सदर बाजार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चबूतरे पर बैठे बुजुर्ग द्वारा लाठी मारकर सांड को भगाना भारी पड़ गया। सांड ने बुजुर्ग को सींग पर उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बुधवार को उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
सींग पर उठाकर पटका
इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि 75 वर्षीय रामजीवन चबूतरे पर बैठे हैं। अचानक सांड वहां से गुजरता दिखता है। बुजुर्ग उसे अपने पास मौजूद लाठी से भगाने का प्रयास करते हैं। इसी दौरान सांड गुस्से में आ जाता है। वह उन्हें सींग पर उठा लेता है और जोर से जमीन पर पटक देता है।
‘सांड ने बुजुर्ग को पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया’
कानपुर देहात में एक सांड ने 80 वर्षीय बुजुर्ग को पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया. बुजुर्ग की खता केवल इतनी थी कि बुजुर्ग ने सांड को डंडा मार दिया था. इसी से सांड आक्रोशित हो गया और टक्कर मार दी. घटना CCTV में कैद हुई है. https://t.co/IdqKNx3yW1
— Raju Sharma journalist (@RajuSharmajour1) October 14, 2026
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास के लोग दौड़कर उनके पास आते हैं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आए दिन कहीं न कहीं से इस तरह की घटना सामने आ रही है। आवारा पशु खुलेआम सड़कों पर घूमते रहते हैं जिसकी वजह से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।


