Saharanpur Collectorate Mosque Row: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ गया है। शनिवार सुबह प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद को बुलडोजर से हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट परिसर के गेट बंद कर दिए गए और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। इसी बीच कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को सहारनपुर जाने से रोक दिया गया। उन्हें उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मस्जिद को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। जिला अदालत ने 2 सितंबर को मस्जिद पक्ष की अपील खारिज करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के पहले के आदेश को बरकरार रखा था। आदेश में जमीन को सरकारी जमीन माना गया था।
सुबह-सुबह शुरू हुई बुलडोजर कार्रवाई
शनिवार सुबह प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। इसके बाद मस्जिद के ढांचे को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा को देखते हुए कलेक्ट्रेट के गेट बंद कर दिए गए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। RAF समेत अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाए गए। अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक रही।
मस्जिद को लेकर क्या है पूरा विवाद?
यह मामला कई महीनों से अदालत में चल रहा था। जुलाई 2026 में सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित करीब 70 साल पुरानी मस्जिद को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण मानते हुए इसे हटाने का आदेश दिया था। आदेश में मस्जिद को 30 दिन के अंदर हटाने की बात कही गई थी। इस आदेश के खिलाफ मस्जिद पक्ष ने जिला अदालत का रुख किया था। मामले में दोनों पक्षों की दलीलें और दस्तावेज सुने गए। करीब डेढ़ महीने तक सुनवाई चली और 2 सितंबर को जिला जज की अदालत ने अपना फैसला सुनाया। जिला अदालत ने मस्जिद पक्ष की अपील खारिज कर दी और सिटी मजिस्ट्रेट के 16 जुलाई के आदेश को बरकरार रखा। अदालत ने जमीन को सरकारी जमीन माना।
इकरा हसन को सहारनपुर जाने से रोका गया
मस्जिद पर कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद कैराना से सपा सांसद इकरा हसन सहारनपुर जाने की तैयारी में थीं। वह मौके पर जाकर हालात का जायजा लेना चाहती थीं। सहारनपुर रवाना होने से पहले पुलिस ने उन्हें उनके आवास से बाहर निकलने से रोक दिया। उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया और उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। इकरा हसन ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। वहीं प्रशासन की ओर से इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया एहतियाती कदम बताया जा रहा है। सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भी इस मामले को पहले उठा चुके हैं। जुलाई में सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद उन्होंने मस्जिद को हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया था।


