Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क) गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 में 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार जतिन पिछले कई वर्षों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी थी। वह 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा में भी शामिल होने वाला था और उसकी तैयारी में जुटा हुआ था।
बताया गया कि शुक्रवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था। शनिवार सुबह जब परिजनों ने उसे देखने का प्रयास किया तो वह कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जतिन के पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में सहारनपुर में तैनात हैं। जतिन अपनी मां और छोटी बहन के साथ गाजियाबाद में रहता था। परिजनों का कहना है कि उस पर पढ़ाई को लेकर किसी प्रकार का पारिवारिक दबाव नहीं था।
घटना से पहले बनाए गए वीडियो की जांच की जा रही है
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से करीब एक मिनट का वीडियो मिला है। वीडियो में जतिन ने कहा है कि वह यह कदम किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से उठा रहा है। उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने हमेशा उसका उत्साह बढ़ाया और स्पष्ट रूप से कहा था कि नीट में सफलता मिले तो अच्छी बात है, अन्यथा भी कोई समस्या नहीं है।वीडियो में जतिन ने जीवन के प्रति अपना मोहभंग होने की बात भी कही है। एसीपी उपासना पाण्डेय ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटना से पहले बनाए गए वीडियो की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


